फतेहाबाद। इन्फ्लूएंजा वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग जहां अलर्ट रहने के दावे कर रहा है वहीं जिला नागरिक अस्पताल में इसको लेकर लापरवाही बरती जा रही है। अस्पताल के अधिकारियों ने फ्लू कॉर्नर एक्टिव करने के नाम पर निरोगी हरियाणा कैंप के स्टाफ को ही रजिस्टर थमा दिया। लेकिन यहां पर न तो डॉक्टर तैनात किया गया और न ही अतिरिक्त स्टाफ नियुक्त किया गया। दिनभर में एक भी मरीज की यहां पर जांच नहीं हुई।
फ्लू कॉर्नर को लेकर जब पड़ताल शुरू की गई तो निरोगी हरियाणा कैंप में तैनात स्टाफ से इस बारे में पूछा गया, उन्होंने यहां पर जांच से मना कर दिया और कहा कि यहां पर कोई फ्लू कॉर्नर नहीं है। इंचार्ज से जब फ्लू कॉर्नर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि शुरू कर दिया गया है, जगह पूछी गई तो निरोगी हरियाणा कैंप की जगह बताई गई और कहा कि उन्हें ही रजिस्टर देकर जांच के लिए कहा गया है, अस्पताल की तरफ से अतिरिक्त स्टाफ नहीं दिया गया है।
दो संदिग्धों की रिपोर्ट का इंतजार : इंफ्लूएंजा वायरस को लेकर जिले में अब तक एक केस मिल चुका है और दो संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे जा चुके है। अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। सैंपल जांच के लिए अग्रोहा मेडिकल में भेजे गए है।
ये हैं वायरस के लक्षण : चिकित्सकों के मुताबिक एच3एन2 वेरिएंट का संक्रमण इन्फ्लूएंजा वायरस के कारण फैलता है। यह एक फ्लू है जिससे संक्रमित होने पर तेज बुखार, नाक बहना, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द, उल्टी, दस्त व ठंड लगना इत्यादि जैसे लक्षण देखे जा सकते है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है बल्कि कुछ सावधानियां रखने की आवश्यकता है।
इन्फ्लूएंजा वायरस को लेकर जिले में स्थिति कंट्रोल में है। ओपीडी में मरीजों की जांच हो रही है जो संदिग्ध मरीज लग रहे हैं उनके सैंपल लेकर लैब में भेज जा रहे हैं। दो सैंपल भेजे गए है अग्रोहा से रिपोर्ट का इंतजार है।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम अधिकारी