फतेहाबाद। अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर अब सरसों की एमएसपी पर केवल वही खरीद की जाएगी, जिसका पहले से गेट पास कट चुका है। इसकी फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए उपायुक्त मनदीप कौर ने जिले की तीनों सरसों अनाज मंडियों के लिए अधिकारियों की कमेटियां भी गठित की हैं। वहीं नई आने वाली सरसों के लिए कोई गेट पास नहीं होगा और किसानों को निजी हाथों में ही अपनी सरसों बेचनी पड़ेगी।
अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों में बची हुई सरसों फसल की हैफेड द्वारा खरीद की जाएगी। सरसों की खरीद उन्हीं किसानों से की जाएगी, ताकि सरसों के बीज केवल उन किसानों से खरीदे जा सकें जिन्हें ई-खरीद पोर्टल के माध्यम से पहले से ही गेट पास जारी किए जा चुके हैं और जिसकी सरसों का बीज वास्तव में भौतिक रूप से मंडी में पड़ा हो लेकिन उसकी बोली नहीं लग सकी। कोई भी नया गेट पास नहीं लिया जाएगा।
ई-खरीद पोर्टल और मंडियों में भौतिक रूप से पड़े सरसों की फसल का निरीक्षण उपायुक्त द्वारा गठित टीम द्वारा किया गया है। इस कमेटी में शामिल खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि और संबंधित मार्केट कमेटी सचिव यह सुनिश्चित करेंगे कि मंडी में कितनी सरसों की फसल है। कमेटी कि रिपोर्ट के बाद भारत सरकार के दिशा निर्देशानुसार सरसों की फसल की व्यवसायिक रूप से एमएसपी पर खरीद की जाएगी और यह खरीद हैफेड द्वारा होगी। अब तक जिले में 13 हजार 682 मीट्रिक टन सरसों की आवक के साथ खरीद हो चुकी है और 349 मीट्रिक टन सरसों अनाज मंडी में पड़ी है।
एसडीएम होंगे नोडल अधिकारी
डीसी द्वारा इस मामले में फतेहाबाद एसडीएम को नोडल ऑफिसर लगाया गया है। नायब तहसीलदार फतेहाबाद को एसडीएम फतेहाबाद को रिपोर्ट करने के बारे में कहा गया है। फतेहाबाद मंडी के लिए नायब तहसीलदार फतेहाबाद, मार्केट कमेटी सचिव विकास सेतिया, एचडब्ल्यूसी मैनेजर संदीप कूंडू, फूड इंस्पेक्टर घणसी राम, हैफेड एजीएम सुरेंद्र सिहाग, भट्टू मंडी के लिए नायब तहसीलदार भट्टू, एएसएमसी महाबीर सिंह, एचडब्ल्यूसी मैनेजर राकेश डूडी, फूड सब इंस्पेक्टर विरेंद्र, हैफेड मैनेजर सुभाष चंद्र तथा भूना मंडी के लिए नायब तहसीलदार फतेहाबाद, एएसएमसी ईश्वर सिंह, एचडब्ल्यूसी मैनेजर महाबीर सिंह, फूड इंस्पेक्टर आशीष व हैफेड मैनेजर संदीप को टीम में शामिल किया गया है।
कोट
29 अप्रैल तक जिन किसानों ने सरसों के लिए ई-पोर्टल पर गेट पास कटवाए हैं और जिनकी सरसों की फसल की बोली नहीं हुई है, उसकी एमएसपी के आधार पर हैफेड खरीद करेगी। आगे कोई गेट पास नहीं कटेगा, अगर कोई किसान अब सरसों लेकर आता है तो उसकी कामर्शियल खरीद होगी।
-विकास सेतिया, सचिव, मार्केट कमेटी फतेहाबाद
कोट
जिला की तीन मंडियों में पहले गेट पास कट कर आ चुकी सरसों फसल की फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए कमेटियों का गठन किया है। ये कमेटी संबंधित मंडी में सरसों फसल की निरीक्षण करके अपनी रिपोर्ट देगी। इसके बाद इनकी खरीद की जाएगी।
-मनदीप कौर, उपायुक्त, फतेहाबाद