तिया में शिक्षकों को एफएलएन कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण देते अधिकारी
फतेहाबाद। नई शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुसार विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग गुरु जी को प्रशिक्षण दिला रहा है। निपुण हरियाणा कार्यक्रम के तहत इसके तहत रतिया खंड के जेबीटी शिक्षकों को आठ टोलियों में बांटा गया है। हर टोली में 40 शिक्षकों को शामिल किया गया है। इनमें से पहली टोली का चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया है। 15 मई तक जिले के प्राइमरी स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को नए तरीके से पढ़ाना सिखाया जा रहा है। शिक्षकों को पढ़ाने से पहले खुद पाठ्यक्रम तैयार करने की जरूरत नहीं होगी। शिक्षण सहायक सामग्री (टीएलएम) विभाग उपलब्ध करवाएगा। शिक्षकों को बताया जा रहा है कि विद्यार्थियों को छह चरण में पढ़ाया जाना है। विभाग पहले तीसरी कक्षा तक बुनियादी साक्षरता (एफएलएन) को लागू कर चुका है। कक्षा विस्तारीकरण करके अब इसमें चौथी और पांचवीं कक्षा को शामिल किया जा रहा है।
चौथी और पांचवीं के विद्यार्थी भी होंगे निपुण
शिक्षा विभाग बालवाटिका से लेकर कक्षा तीसरी के बाद अब कक्षा चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों को भी निपुण बनाने की तैयारी कर रहा है। निपुण हरियाणा अभियान के तहत चल रहे एफएलएन एवं भाषीय ज्ञान के लिए कक्षा चौथी और पांचवीं को भी शामिल किया जाएगा। विद्यार्थियों को एनईपी के तहत पढ़ाया जाएगा।
जिले में प्राइमरी स्कूलों की स्थिति
खंड प्राइमरी
फतेहाबाद 104
रतिया 92
टोहाना 67
भूना 52
भट्टूकलां 38
जाखल 33
कुल 386
-
निपुण हरियाणा अभियान के तहत एफएलएन कार्यक्रम का विस्तारीकरण किया गया है। इसमें कक्षा चौथी और पांचवीं को भी शामिल किया गया है। प्राथमिक शिक्षकों को चार दिन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसकी शुरुआत रतिया खंड से की गई है। शिक्षकों को एनईपी के अनुसार विद्यार्थियों को पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। - धर्मपाल गोस्वामी, जिला संयोजक, एफएलएन कार्यक्रम।