फतेहाबाद। नशे के कारोबार की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। अब महिलाएं भी संगठित होकर हेरोइन की तस्करी में उतर रही हैं। शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ला में दादी के घर के बाहर हेरोइन बेच रही युवती को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसकी मां हेरोइन लाकर देती थी जबकि सप्लाई अग्रवाल कॉलोनी निवासी एक अन्य महिला करती थी। एएनसी सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि पूजा रानी दादी के घर के बाहर हेरोइन बेच रही है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तलाशी में उसके कब्जे से 30.64 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
पूछताछ के दौरान पूजा रानी ने बताया कि उसकी मां राजोबाई हेरोइन लाकर देती थी जबकि अग्रवाल कॉलोनी निवासी श्रवण कौर उससे सप्लाई करती थी। इसके बाद पुलिस ने पूजा रानी, राजोबाई और श्रवण कौर के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।