रतिया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश सरकार को बाढ़ से जिन किसानों की फसल खराब हुई है, उन्हें तुरंत 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देना चाहिए। जिन किसानों के ट्यूबवेल खराब हुए हैं, उन्हें ढाई लाख रुपये तक मुआवजा दें।
कुमारी सैलजा घग्घर पुल का दौरा करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने मंगलवार शाम को रतिया क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बाढ़ से जो हालात बने हैं, उसके लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है। अगर समय रहते नदियों, नालों की सफाई करवाई होती तो आज ऐसे हालात न होते। कुमारी सैलजा ने कहा कि इस बाढ़ में अनेक लोग घर से बेघर हुए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या अन्य स्कीमों के तहत घर बनवा कर देने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। इस आपदा की घड़ी में सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं पूरी तरह से सेवा भाव से काम कर रही है। मगर प्रशासन बेबस नजर आ रहा है और बैठकों के माध्यम से ही अपने काम को अंजाम देने में लगा है। वास्तव में धरातल पर काम करके प्रशासन को बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता करनी चाहिए।