फतेहाबाद में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई सरकार की टैबलेट योजना दो कदम भी नहीं चल पाई है। बता दें कि तीन माह से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी अभी तक सिम न होने के कारण करीब चार हजार विद्यार्थियों को और करीब 415 शिक्षकों को टैबलेट ही नहीं मिले हैं।
आपको जानकर हैरानी होगी कि टैबलेट योजना से अभी तक विद्यार्थियों को एक भी अध्याय नहीं पढ़ाया गया है। शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 1072 शिक्षकों के लिए टैबलेट आए लेकिन 657 को मिले और सिम 629 को ही मिल पाई है। विभाग ने 18613 विद्यार्थियों के लिए टैबलेट भेजे लेकिन अभी तक 14518 विद्यार्थियों को मिले लेकिन 14500 विद्यार्थियों को सिम नहीं मिली है।
बता दें कि टैबलेट में नेटवर्क के लिए अभी तक सिम नहीं आए हैं, इसी वजह से विद्यार्थियों और शिक्षकों को टैबलेट नहीं दिए गए। जिन विद्यार्थियों और शिक्षकों को टैबलेट मिले हैं, उन्होंने अभी तक पढ़ाई शुरू नहीं करवाई है। यानी टैबलेट सिर्फ डिब्बे में बंद होकर रह गए हैं। संवाद
जिले के तीन स्कूलों में एक भी टैबलेट नहीं बंटा
शिक्षा विभाग टैबलेट बांटने की योजना अभी तक सिरे नहीं चढ़ा पाया है। तीन स्कूल तो ऐसे है जहां के एक भी विद्यार्थी को टैबलेट नहीं मिला है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूना, आरोही मॉडल स्कूल बनगांव और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल लांबा के विद्यार्थियों को टैबलेट नहीं बांटा गया है।
जानिए जिले में टैबलेट की स्थिति
टैबलेट कुल मिले बांटे गए सिम बांटी
शिक्षक 1072 657 629
विद्यार्थी 18613 14518 14500
टैबलेट मिले लेकिन सिम नहीं आए, कैसे शुरू करवाएं पढ़ाई
स्कूल में दसवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को टैबलेट मिल चुके हैं लेकिन शिक्षकों को मिले टैबलेट के लिए सिम नहीं आए हैं। इसी के चलते टैबलेट माध्यम से पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई। उच्च अधिकारियों से बात हुई है तो उन्होंने कहा है कि जल्द उपलब्ध हो जाएंगे।
-अश्वनी कंपानी, मुख्य शिक्षक, राजकीय उच्च विद्यालय मानावाली
सिम की वजह से अभी तक टैबलेट नहीं मिले
विद्यार्थियों को टैबलेट मिल चुके हैं लेकिन शिक्षकों को नहीं दिए गए हैं। सिम के साथ ही टैबलेट दिए जाने हैं। बताया जा रहा है कि सिम आने के बाद टैबलेट दिए जाएंगे। उम्मीद है जल्द टैबलेट मिल जाएं।
-मनोज बंसल, वाणिज्य प्राध्यापक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नागपुर
जिले के कई स्कूल ऐसे हैं जहां पर अभी तक एक भी टैबलेट नहीं दिया गया है, इसके अलावा कई शिक्षकों को टैबलेट नहीं मिले है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। उम्मीद है जल्द सिम मिल जाएंगे। सिम आने के बाद टैबलेट के द्वारा पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी