समैन। गांव समैन के प्रदीप शर्मा के लिए उसका परिवार पहचान-पत्र गले की फांस बन गया है। प्रदीप के परिवार पहचान-पत्र में उसे सरकारी नौकरी पर लगा हुआ दिखाया गया है, जबकि प्रदीप पेशे से छोटा किसान है व खेती करके अपना घर खर्च चला रहा है। प्रदीप अपने परिवार पहचान-पत्र को ठीक करवाने के लिए पिछले कई महीनों से सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों के चक्कर काट चुका है, लेकिन अभी तक इसका कोई समाधान नहीं हुआ है।
यह जानकारी देते हुए समैन निवासी प्रदीप ने बताया कि लगभग आठ महीने पहले उसके परिवार पहचान-पत्र में उसको सरकारी नौकरी पर लगा हुआ दिखाया गया है व उसकी आमदनी भी एक लाख 80 हजार से ऊपर दिखाई गई है। ग्रामीण ने बताया कि वह छोटा सा किसान है, लेकिन परिवार पहचान-पत्र में सरकारी नौकरी दिखाई गई है जिसको लेकर वह बहुत परेशान है। उन्होंने बताया कि इस गलती कि वजह से उसकी अन्य सुविधाएं भी बंद होने की कगार पर है। ग्रामीण प्रदीप ने मांग की है कि जल्द से जल्द उसके परिवार पहचान-पत्र को ठीक किया जाए ताकि उसे इस झंझट से निजात मिल सके।