रतिया। पुरानी रंजिश के एक मामले में संजय गांधी चौक स्थित पंप के सामने कार सवार लोगों ने एक युवक अपहरण कर उससे मारपीट की। आरोप है कि हमलावर उससे नकदी व बाइक भी छीनकर ले गए। पुलिस ने इस मामले में सात युवकों के खिलाफ अपहरण व स्नेचिंग का केस दर्ज किया है। आरोपियों में रमनदीप उर्फ पोपी, टिंकू, संजय, दिप्पी उर्फ कोबरा,अवतार, सूरज डाबला व विक्रम का नाम शामिल है।
पुलिस को शिकायत में अजीतसर ढाणी सहनाल निवासी जसप्रीत सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करता है। बीती रात वह बाइक लेकर घर के लिए निकला। वह बाइक में पेट्रोल डलवाने लग गया। बाइक व कार पर आरोपी युवक आए और कहने लगे तेरे से बात करनी है। आरोपियों ने उसे पकड़ कर आल्टो कार में जबरन बैठा लिया। वे उसे गुमटसर गुरुद्वारा की तरफ ले गए और कार से उतार का डंडों से पिटाई की व जेब से पांच हजार रुपये की नकदी छीन ली तथा बाइक भी ले गए। शहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरु कर दी। शहर थाना प्रभारी जय सिंह ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। संवाद