भूना। खैरी हेड से न्यूक्लियर पावर प्लांट गोरखपुर तक निर्माणाधीन आरसीसी माइनर निर्माण के दौरान एल्युमिनियम की प्लेट और लोहे का सरिया चोरी हो गया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है।
शिकायत में प्लांट के गार्ड रामकुमार ने आरोप लगाया है कि 19 सितंबर की सुबह जब वह खैरी पुल के पास काम का निरीक्षण करने गया तो खैरी व बैजलपुर के बीच जहां काम चल रहा था, वहां से काफी संख्या में अल्युमिनियम की प्लेट तथा लोहे का सरिया गायब मिला। चोरी की सूचना उन्होंने महाप्रबंधक को दी। इधर-उधर तलाश की, लेकिन दो दिनों से चोरी हुआ सामान कहीं भी नहीं मिला। इस सामान की कीमत लाखों रुपये है। पुलिस ने नामालूम आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी निर्माणाधीन आरसीसी माइनर से लगभग 40 लाख रुपये से अधिक का सरिया चोरी हो चुका है। पुलिस ने दिल्ली के एक गिरोह के सदस्यों को काबू भी किया था। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस माइनर निर्माण में शामिल ठेकेदार व मजदूरों से भी पूछताछ करेगी।