हादसें में घायल बच्ची रोते हुए। संवाद
टोहाना। मिलन चौक पर शनिवार को कार और स्कूटी की टक्कर में एक बच्ची घायल हो गई। हादसे के बाद कार चालक और स्कूटी सवार के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ले ली।
मनदीप सिंह अपनी बेटियों दमन और हरसिमरन को निजी स्कूल से घर लेकर लौट रहे थे। उनके अनुसार मिलन चौक पर जाम लगा हुआ था, जिस कारण उन्होंने स्कूटी सड़क किनारे कर ली। इसी दौरान पीछे से आई कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी बेटी घायल हो गई।
मनदीप सिंह ने बताया कि बच्ची को चोट लगने के बाद उन्होंने कार रुकवाने के लिए शीशे पर हाथ मारा, जिससे शीशा टूट गया। उनका कहना है कि वह नुकसान की भरपाई करने को तैयार थे, लेकिन कार चालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके कपड़े फाड़ते हुए मारपीट की। उन्होंने आशंका जताई कि चालक नशे में था।
घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल बच्चियों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि कार की टक्कर से बच्चियों के घायल होने की सूचना मिली थी। चालक को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।