फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर परिषद की बैठक में जमकर हंगामा, 13 एजेंडे पास

विज्ञापन
नगर परिषद में आयोजित बैठक में मौजूद प्रधान और पार्षद। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
नगर परिषद में मंगलवार को बजट बैठक के साथ हुई साधारण बैठक हंगामेदार रही। करीब 9 माह बाद हुई बैठक में पार्षद प्रतिनिधियों ने प्रधान दर्शन नागपाल को जमकर घेरा और कमीशनखोरी के आरोप लगाए। पार्षद प्रतिनिधियों ने प्रधान पर ठेकेदारों से कमीशन लेने के आरोप लगाए। हंगामा कर रहे पार्षद प्रतिनिधि सोनू कुक्कड़ पर पलटवार करते हुए प्रधान दर्शन नागपाल ने कहा कि तुम पर भी लड़की ने आरोप लगाए थे, उनमें क्या सच्चाई थी। प्रधान के पलटवार पर पार्षद प्रतिनिधि भड़क गए और एक-दूसरे की पोल खोलने की धमकी देने लगे। पार्षद प्रतिनिधियों ने कहा कि चंडीगढ़ के कमरे में जो-जो हुआ था उसकी पोल खोल देंगे।
विज्ञापन

बैठक के दौरान हंगामा कर रहे पार्षद प्रतिनिधि रणजीत ओढ़ को प्रधान दर्शन नागपाल ने कहा कि तुम कौन हो और अंदर कैसे आए। गहमागहमी के बीच ओढ़ ने प्रधान को कहा कि हिम्मत है तो बाहर निकालकर दिखाओ। बैठक में महिला पार्षद पहुंची लेकिन प्रतिनिधि हंगामा करते रहे। करीब 40 मिनट तक हंगामा हुआ और एक-दूसरे पर कमीशनखोरी के आरोप लगे। हंगामा बढ़ता देख नप अधिकारी बैठक से उठकर चले गए। हंगामे के बीच 13 एजेंडों को पास किया गया।
प्रधान और पार्षद प्रतिनिधि विनय शर्मा हुए आमने-सामने
पार्षद प्रतिनिधि विनय शर्मा ने बैठक में खड़े होकर प्रधान दर्शन नागपाल को घेरते हुए कहा कि वह तू-तू करते बात करते हैं और हम बड़े भाई वाली इज्जत देते रहे हैं। शहर के लोगों ने हमें पार्षद बनाया लेकिन हमें नेतृत्व नकली मिला। नप के पांच करोड़ रुपये हांसी भेज दिए गए। ईश्वर से कामना करूंगा कि हमें आप जैसा नेतृत्व दोबारा न मिले। नप प्रधान ने बैठक में पार्षद प्रतिनिधि विनय शर्मा पर पलटवार करते हुए कहा कि आपने मुझे समर्थन नहीं दिया था। दूसरी बात ये कि कोई साबित कर दे कि मैंने कमीशन ली है तो 10 गुना दूंगा। आप ड्रामेबाजी कर रहे हैं। आप ने ही मास्टिक के काम रुकवाए थे। आपने कितनी बार कमीशन मांगा है ये आपको पता है और पूरे शहर को पता है। विनय शर्मा ने जवाब में कहा कि आप अपने बच्चे की कसम खाएं और मैं अपने बच्चे की कसम खाता हूं। मैंने पानी हाथ में उठा लिया और आप हाथ में पानी उठाएं।
विज्ञापन

प्रॉपर्टी आईडी और स्ट्रीट लाइट के मुद्दे पर हंगामा
बैठक में पार्षद प्रतिनिधि सोनू कुक्कड़ ने कहा कि सभी एनओसी लेने के बाद भी प्रॉपर्टी आईडी जारी नहीं हुई है। 20 दिन से फाइल लटक रही है, आम लोगों को परेशानी हो रही है। कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक ने कहा कि कार्यालय में कोई भी फाइल पेंडिंग नहीं है, सभी को मंजूरी के लिए डीएमसी कार्यालय में भेजा जा चुका है। बैठक में नई स्ट्रीट लाइट लगवाने का मुद्दा रखा गया। कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक ने कहा कि मौजूदा लाइटों की मरम्मत के लिए टेंडर लग चुका है और जल्द खोल दिया जाएगा। 4200 नई लाइटों का टेंडर मुख्यालय से होना है जो कि जल्द होने वाला है। नप के पास फिलहाल बजट नहीं है। पार्षद प्रतिनिधि दीपू टुटेजा ने इस पर बोलते हुए कहा कि जब बजट ही नहीं है तो क्यों बैठक में प्रस्ताव रखा गया है। पार्षदों का कार्यकाल पूरा होने के बाद ही लाइटें लगेंगी।
11.88 लाख से बाजार में खींचेगी पीली पट्टी
हाउस बैठक में शहर में पीली पट्टी खिंचवाने का प्रस्ताव रखा गया। कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस की तरफ से प्रस्ताव आया है कि थाना रोड, पालिका बाजार, चार मरला कॉलोनी, जवाहर चौक, भीमां बस्ती में पीली पट्टी खिंचवाई जाए। 11.88 लाख रुपये इस पर अनुमानित खर्च आएगा। बैठक में पार्षदों ने इसे पास कर दिया।
मल्टीपर्पस पार्किंग के नाम पर बना संशय
सन्यास आश्रम रोड और मल्टीपर्पस पार्किंग का नाम पूर्व प्रधान स्व. विरेंद्र नारंग के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा गया। ये प्रस्ताव पार्षद किरण नारंग ने रखा। इसके अलावा पार्षद राजकुमार सैनी की तरफ से पार्किंग का नाम ज्योतिबाई फुले के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा गया। नप प्रधान दर्शन नागपाल का कहना है कि अभी किसी पर सहमति नहीं बनी है।
ये एजेंडे भी हुए बैठक में पास :
- कोविड 19 के तहत सफाई कर्मचारियों को तेल, साबुन, सैनिटाइजर, मास्क व अन्य उपलब्ध करवाने।
- स्वच्छता हेतु शहर में जगह-जगह बैनर, पेंटिंग, फ्लैक्स, इत्यादि लगवाने।
- स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के अंतर्गत द्वितीय संर्घित स्थानों एवं जीवीपी प्वाइंट क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए आवश्यक साधनों की स्वीकृति देने।
- टाटा एस गाड़ियों के लिए सर्विस एवं बीमा संबंधी भुगतान।
- नगर परिषद सीमा में स्थित शौचालयों के रखरखाव हेतु टेंडर लगवाने
- मुख्य सफाई निरीक्षकों व सफाई दरोगाओं को शहर में निरीक्षण के दौरान तेल की राशि के भुगतान करने।
- नगर परिषद सीमा विस्तार के मद्देनजर विभिन्न पदों की संख्या बढ़वाने।
- नगर परिषद सीमा में पड़े कबाड़ की खुली बोली करवाने
- पार्षदों की मांग अनुसार उनके वार्डों में विकास कार्य करवाने।
दरोगाओं के तेल खर्च देने पर भड़के पार्षद
बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि मुख्य सफाई निरीक्षकों व सफाई दरोगाओं को शहर में निरीक्षण के लिए दो हजार रुपये तेल खर्च दिया जाए। इस पर पार्षद राजेश जांगड़ा ने आरोप लगाया कि दरोगा 15-15 दिन गायब रहते हैं। कर्मचारी भी सफाई नहीं करते हैं। शौचालयों में सफाई नहीं हो रही है। मरम्मत के नाम पर शौचालय बंद कर रखे हैं।
नहीं पहुंचीं सांसद, न पहुंचे विधायक
बैठक में सांसद सुनीता दुग्गल नहीं पहुंचीं और इसके अलावा न ही विधायक दुड़ाराम ने बैठक में भाग लिया। बैठक में ईओ अरविंद बाल्याण, कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक, एमई, जेई और पार्षद मौजूद थे। बैठक में महिला पार्षदों के साथ उनके पति भी पहुंचे। बैठक में प्रधान ने प्रतिनिधियों को भाग लेने से नहीं रोका।
कोट
बैठक में पार्षदों ने शहर के विकास कार्यों के मुद्दों पर बात नहीं करने दी। कम से कम अंतिम बैठक में पार्षदों को विकास की बात करनी चाहिए थी लेकिन आदत से मजबूर है। जो भी आरोप लगा रहे है सभी गलत है।
विज्ञापन

- दर्शन नागपाल, प्रधान, नगर परिषद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें