फतेहाबाद। जिला परिषद के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के खाते से करीब 87.48 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आने के बाद बैंक और परिषद अधिकारियों में खलबली मची है। जांच में पता चला है कि पूरी वारदात में न तो किसी अधिकारी से ओटीपी लिया गया और न ही बैंकिंग डोंगल का इस्तेमाल किया गया। सॉफ्टवेयर हैक कर खातों से रकम निकाली गई है। पीएनबी के अधिकारियों ने सरकारी विभागों के बैंक खातों का मिलान करने के निर्देश दिए हैं और 30 नवंबर तक रिपोर्ट मांगी है।
जिला परिषद के खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद अधिकारी बैंक खातों का रिकॉर्ड खंगालने में जुट गए हैं। जिला परिषद के खातों के साथ-साथ ग्राम पंचायतों के बैंक खातों का भी मिलान किया जा रहा है ताकि किसी अन्य खाते से भी संदिग्ध लेनदेन का पता लगाया जा सके। ग्राम पंचायत मेहूवाला के खाते से भी करीब 10 लाख रुपये निकले हैं। सरपंच प्रतिनिधि राकेश कुमार और जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़ ने खाते से राशि निकलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जांच मुख्यालय स्तर पर की जा रही है। शुरुआती तौर पर सॉफ्टवेयर हैक कर रकम निकाले जाने की बात सामने आई है। साइबर थाना प्रभारी राहुल देव ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।
मामला संज्ञान में आया है। सरकारी विभागों के बैंक खातों का मिलान किया जाएगा। बैंक अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
- लहरी मल, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, पीएनबी