रतिया । आर्थिक अपराध शाखा, फतेहाबाद द्वारा भूमि का फर्जी पंजीकरण करके लाखों रुपयों की धोखाधड़ी करने के मामले में रतिया निवासी रवींद्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से 60,000 रुपये की नकदी बरामद की गई है। जांच अधिकारी संदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी रवींद्र इस मामले में सह-आरोपी के रूप में शामिल था। उसने अन्य पंजीकरणकर्ताओं के साथ मिलकर मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फर्जी भूमि पंजीकरण करवाकर सरकारी खरीद एजेंसियों से गलत तरीके से भुगतान प्राप्त किया। 2021 में मार्केट कमेटी रतिया तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउस कॉरपोरेशन, फतेहाबाद के अधिकारियों/कर्मचारियों की मिलीभगत से सरकारी पोर्टल पर आम नागरिकों की भूमि का फर्जी पंजीकरण किया गया।