रतिया। रतिया पुलिस ने सेना में भर्ती कराने के नाम पर 7 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में टिब्बी निवासी एक युवक की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में गांव टिब्बी निवासी तेजपाल सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 में उसके पास कृष्ण निवासी धोलू व महेशी आए और उससे कहा कि अगर तुझे सेना में भर्ती होना है तो हमारे साथ गांव जल्लोपुर चलो, वहां पर गुरमगत नाम का एक व्यक्ति हमारा परिचित है, उसके साथ आपकी बातचीत करवा देते हैं। शिकायत में आरोप लगाया कि इसके बाद वह अपने चाचा सत्यनारायण व भाई विक्रम के साथ सारे दस्तावेज लेकर जल्लोपुर गांव चला गया। जहां पर गुरमगत ने दोनों को सेना में भर्ती कराने के नाम पर 7 लाख रुपये की राशि मांगी और आधी राशि एडवांस में देने को कहा। इसके बाद उन्होंने 10 मई 2017 को 4 लाख रुपये गुरमगत के घर पर दे आए। पुलिस को दी गई शिकायत में तेजपाल ने आरोप लगाया कि 6 महीने बाद भी उन्हें नौकरी पर नहीं लगाया गया जब दोबारा उनसे बात की गई तो उन्होंने दोबारा और ज्यादा पैसों की मांग की। जिस पर उन्होंने ढाई लाख रुपये नकद और 50 हजार का चेक भी दे दिया। बाद में उन्हें 25 फरवरी 2020 को एक ज्वाइनिंग लेटर दे दिया गया। लेकिन उन्हें कहा गया कि लॉकडाउन के कारण आपकी ज्वाइनिंग नहीं हो पाएगी। लेकिन हमें नौकरी नहीं लगवाया। तेजपाल ने आरोप लगाया कि जब वह पैसे वापस मांगने गए तो उन्हें धमकियां दी गई। पुलिस ने तेजपाल की शिकायत पर गांव जल्लोपुर निवासी गुरमागत सिंह व कृष्ण और महेशी के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।