टोहाना। शहर के रामनगर के रहने वाले इंद्रजीत बत्रा के साथ माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने को लेकर हेलीकॉप्टर बुकिंग में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शिकायत साइबर सेल फतेहाबाद को दी है, जिसके बाद नामालूम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी शिकायत में इंद्रजीत बत्रा ने कहा कि वह परिवार के साथ माता वैष्णो देवी धाम में दर्शन के लिए गया था। वहां जाने से पहले उसने 7350 रुपये देकर जम्मू कश्मीर के कटरा से साझी छत तक की हेलीकॉप्टर की चार टिकट बुक की थी। जब वह वहां पहुंचा तो पता चला कि टिकट फर्जी है और उसके साथ फ्रॉड किया गया है। उसने बताया कि वे पूरा समय परेशान रहे तथा पालकी के माध्यम से सफर को पूरा किया। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। संवाद