भूना। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पेयजल-सीवरेज कनेक्शन मंजूर कराने निर्देश देते जिला सलाहकार
भूना। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर में पेयजल और सीवरेज के अनधिकृत कनेक्शन नियमित कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। शहर को चार क्षेत्रों में बांटकर टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगी।
अभियान की समीक्षा के लिए विभागीय कर्मचारियों की बैठक हुई। जिला सलाहकार शर्मा चंद लाली ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीमें प्रत्येक क्षेत्र में जाकर उपभोक्ताओं को कनेक्शन नियमित कराने की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दें।
उन्होंने बताया कि शहर में कई उपभोक्ताओं के पेयजल और सीवरेज कनेक्शन विभाग से नियम अनुसार मंजूर नहीं हैं। इन्हें नियमित कराने के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी खंड संयोजक राकेश कुमार को सौंपी गई है। वह चारों टीमों के कार्य की मॉनिटरिंग कर विभाग को प्रगति रिपोर्ट देंगे।
शर्मा चंद लाली ने बताया कि पेयजल और सीवरेज कनेक्शन मंजूर कराने की फीस 1550 रुपये है। फिलहाल कुछ समय के लिए रोड कट शुल्क में भी छूट दी गई है। उन्होंने शहरवासियों से इस सुविधा का लाभ उठाकर जल्द कनेक्शन नियमित कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं है। इसका उद्देश्य पेयजल और सीवरेज व्यवस्था को नियमानुसार व्यवस्थित करना है। बिना मंजूरी कनेक्शन चलता मिला तो विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। कनेक्शन बंद भी किया जा सकता है।