फतेहाबाद। जिले में डेंगू के केस लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिले में 12 साल की लड़की समेत चार नए केस मिले हैं। डेंगू मरीजों का आंकड़ा जिले में अब 113 तक पहुंच गया है। वहीं विशेषज्ञों की ओपीडी में वायरल बुखार के मामले भी बढ़ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक टोहाना के ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी युवक, फतेहाबाद के अशोक नगर निवासी युवती, हंस कॉलोनी निवासी लड़की, बनावाली सोत्तर निवासी युवती डेंगू पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सर्वे के दौरान 2995 जगहों पर लारवा मिल चुका है।
- शहर में मिल चुके हैं डेंगू के 40 केस
जिले में डेंगू के 113 केस मिल चुके हैं। जिनमें शहर फतेहाबाद में डेंगू के सबसे ज्यादा 40 मरीज मिल चुके हैं। जबकि टोहाना शहर में 17, रतिया में 4, भूना में 13, जाखल में 9, भट्टूकलां में 11, बड़ोपल में 10 और भूथनकलां में 9 केस मिल चुके हैं।
- वायरल के भी बढ़ रहे मरीज
मौसम में बदलाव के चलते वायरल बुखार के मामले भी बढ़ रहे हैं। कंसलटेंट की ओपीडी में रोजाना 80 से 100 मरीज बुखार, खांसी, जुकाम के आ रहे हैं। बुखार अगर तीन से चार दिन से नहीं उतर रहा है तो विशेषज्ञ टेस्ट करवा रहे हैं। विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा का कहना है कि वायरल बुखार के केस बढ़ रहे हैं। मौसम में बदलाव के चलते बुखार, खांसी, जुकाम के उपचार को लेकर मरीज आ रहे है। ऐसे मौसम में खानपान पर ध्यान देने की जरूरत होती है।
- ओपीडी खुली तो लगी भीड़
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को नागरिक अस्पताल में ओपीडी खुली तो मरीजों की भीड़ रही। चर्म रोग विशेषज्ञ और महिला रोग विशेषज्ञ इसके अलावा कंसलटेंट की ओपीडी में काफी भीड़ रही। महिला रोग विशेषज्ञ की ओपीडी की के बाहर महिलाओं को काफी समय देर तक इंतजार करना पड़ा।
- डेंगू को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जो आशंकित मरीज मिल रहे हैं उनके सैंपल लिए जा रहे हैं। लोगों से भी अपील है कि अपने घरों के आसपास पानी एकत्रित न होने दें।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ, फतेहाबाद।