बाल विवाह रूकवाने के दौरान दस्तावेज की जांच करते अधिकारी
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल की टीम ने अशोक नगर में वीरवार सुबह उम्र कम मिलने पर दो भाइयों समेत चार लोगों की शादी रुकवा दी। दोनों भाइयों की बारात घर से निकल रही थी और टीम ने कार्रवाई की। जिन दो बहनों के साथ शादी थी, उनमें एक की उम्र 15 साल मिली। पड़ोस के एक युवक की शुक्रवार को बारात जानी थी, लेकिन उसकी दस्तावेज में उम्र कम मिली। अब वह भी उम्र पूरी होने से पहले शादी नहीं कर पाएगा।
मामले के मुताबिक बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि अशोक नगर में बाल विवाह हो रहा है। टीम जब लड़के घर पहुंची तो यहां से दो भाइयों की बारात निकल रही थी। टीम ने दोनों लड़कों के दस्तावेज की जांच की तो एक की उम्र 19 तो दूसरे की 20 साल मिली। दोनों भाइयों की बरात दूसरी गली में ही जानी थी। टीम ने जब वहां जाकर लड़कियों के दस्तावेजों की जांच की तो एक की उम्र 18 साल तो दूसरी लड़की की 15 साल मिली। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि अशोक नगर में एक युवक की शादी है और उसकी शुक्रवार को बारात जानी है। टीम ने जब उसके घर जाकर दस्तावेजों की जांच की तो लड़के की उम्र 19 साल मिली। टीम ने तीनों लड़कों व एक लड़की के परिवार से लिखित में लिया कि जब तक उम्र पूरी नहीं हो जाती है तब तक शादी नहीं करेंगे।
वर्जन
टीम ने वीरवार को बाल विवाह के तहत दो भाइयों, एक लड़की और एक लड़के की शादी रुकवाई है। दस्तावेजों में उम्र कम मिली है। परिवार के लोगों ने लिखित में दिया है कि जब तक उम्र पूरी नहीं होती है तब तक शादी नहीं करेंगे। अगर करते हैं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- रेखा अग्रवाल, बाल विवाह निषेध अधिकारी