शहर के अलग-अलग इलाकों में कुत्तों ने चार लोगों को काट लिया। इनमें आवारा कुत्ते ने एक कॉलेज छात्र व बुजुर्ग महिला को नोचा। वहीं दूसरी ओर स्वामी नगर में स्कूल जा रहे भाई-बहन को उनके पड़ोसी के कुत्ते ने काटा। सभी को रेबीज का टीका लगवाने के लिए परिजन नागरिक अस्पताल में लेकर आए।
फतेहाबाद शहर में इन दिनों आवारा कुत्तों की भरमार है और हिंसक कुत्तों का शिकार अब लोग भी हो रहे हैं। वीरवार को पपीहा पार्क के पास कॉलेज में पड़ने के लिए आए विद्यार्थी गौतम निवासी दौलतपुर पर आवारा कुत्ता झपट पड़ा। गौतम ने बताया कि वह कॉलेज जाने के लिए पपीहा पार्क के पास से गुजर रहा था, इसी दौरान उस पर आवारा कुत्ते ने झपट्टा मार दिया। वह बड़ी मुश्किल से उसके चंकूल से बचा। वहीं दूसरी ओर भाटिया कॉलोनी में बुजुर्ग महिला केसर देवी पर भी आवारा कुत्ते ने हमला बोल दिया। केसर देवी सुबह घर से बाहर निकलकर गली में आई थी कि आवारा कुत्ते ने उस पर हमला बोलकर उसे काट खाया। गली के लोगाें ने महिला को कुत्ते के चंगुल से बचाया।
वहीं दूसरी ओर स्वामी नगर में वीरवार सुबह स्कूल जा रहे 9 साल के मोहित व उसकी 12 साल की बहन रजनी को पड़ोसी के कुत्ते ने काट खाया। दोनों बहन-भाई स्वामी नगर के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं और सुबह स्कूल जा रहे थे। घर से निकलते ही कुत्ते ने उन पर हमला बोल दिया। कुत्तों से घायल सभी लोगों को रेबीज का टीका लगवाने के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। ज्ञात रहे कि फतेहाबाद शहर में इन दिनों आवारा कुत्तों की तादाद काफी बढ़ गई है। इनके बधियाकरण के लिए नगर परिषद ने प्रस्ताव भी पास किया हुआ है। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन कुत्तों के काटने 20 के करीब केस सामने आ रहे हैं।