पुलिस की गिरफ्त में आरोपी युवक।
- फोटो : Fatehabad
गुजरात से आई रेलवे पुलिस की टीम ने सीआईए टोहाना की मदद से ट्रेनों में यात्रियों से लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस गिरोह के सरगना सहित चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 14 लाख रुपये कीमत के सोने, चांदी, नगदी व मोबाइल भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों पर राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र में ट्रेनों में यात्रियों से कीमती सामान व जेवरात लूटने व डकैती करने के मामले दर्ज हैं। वहीं दो युवक पहले से ही सजायाफ्ता हैं जो कोविड के चलते पेरोल पर चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक अहमदाबाद से आरपीएफ व जीआरपी की टीमें टोहाना शहर थाना में पहुंची और पुलिस ने मामले से अवगत करवाया। इसके बाद सीआईए प्रभारी साधुराम के नेतृत्व में टीम गठित कर उनके साथ भेजा गया। सभी आरोपी टोहाना के रहने वाले हैं। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टोहाना में आरोपी राहुल, सोनी, दीपक व सतबीर के ठिकानों पर छापे मारकर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए राहुल व सोनी पहले से ही सजायाफ्ता हैं और पेरोल पर बाहर थे। डीएसपी के अनुसार राहुल इस गिरोह का सरगना है, जो टोहाना के तिलक नगर का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से 14 लाख रुपये का सामान बरामद किया है, जिनसे गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले में अब और पूछताछ करेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 तोले सोना, चांदी, 11हजार 920 की नगदी व चार घड़ियां बरामद हुई हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपी राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र में ट्रेनों में यात्रियों से महंगे सामान, जेवरात लूटने का काम करते हैं। ये लोग अलग-अलग राज्यों में लूटपाट करते आते थे और टोहाना में आकर छिप जाते थे।
कोट
हमारे यहां गुजरात से पुलिस पहुंची थी जिसने पूरे मामले के बारे में अवगत कराया। गुजरात पुलिस के सहयोग के लिए हमने स्थानीय पुलिस की एक टीम गठित की। चारों आरोपियों को पकड़ कर गुजरात पुलिस के हवाले कर दिया है। अब आगे की कार्रवाई गुजरात पुलिस करेगी।
-बिरम सिंह, डीएसपी, टोहाना।