फतेहाबाद। जिले में बुधवार को जिले में डेंगू के चार नए मरीज मिले हैं। नौ वर्षीय बच्चे समेत चार लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। जिले में डेंगू मरीजों का कुल आंकड़ा 40 तक पहुंच गया है। सबसे ज्यादा बच्चे और युवा डेंगू पॉजिटिव हो रहे हैं। वहीं सर्वे के दौरान आठ घरों में डेंगू का लारवा मिला है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक गांव ढिंगसरा निवासी 16 वर्षीय किशोर, गांव बनावाली निवासी 9 वर्षीय बच्चा, जाखल के कुदनी हेड क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय युवक और गांव अलीकां निवासी 31 वर्षीय महिला डेंगू पॉजिटिव मिली है। अभी फिलहाल डेंगू के दो मरीज निजी अस्पताल में दाखिल हैं। डेंगू जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग अब तक 666 सैंपल ले चुका है। बुधवार को जिले में मात्र 12 सैंपल लिए गए हैं। हालांकि जिले में डेंगू आशंकित मरीजों के सैंपल लेने का आंकड़ा कम है। बता दें कि जिले में चार दिन बाद फिर शुरू हुआ सर्वे, इस दौरान आठ घरों में डेंगू का लारवा मिला है।
3039 जगहों पर मिल चुका है लारवा
स्वास्थ्य विभाग लारवा ढूंढने को लेकर सर्वे कर रहा है। अब तक 690029 जगहों का सर्वे हो चुका है। जिले में 3039 जगहों पर लारवा मिल चुका है। बुधवार को 3298 जगहों पवर सर्वे किया गया, यहां आठ जगहों पर लारवा मिला है।
भूना में 531 बुखार पीड़ित केस मिले
भूना में बाढ़ जैसे हालात बनने के बाद स्वास्थ्य विभाग का सर्वे जारी है। बुधवार को भूना के मॉडल टाउन, वार्ड नंबर एक, रामलीला ग्राउंड, ढाणी सांचला रोड क्षेत्र का सर्वे किया गया। यहां दो लोग बुखार पीड़ित मिले। अब तक 17896 घरों का सर्वे हो चुका है। सर्वे के दौरान 531 लोग बुखार पीड़ित मिले है। डेंगू के यहां सात मरीज पॉजिटिव मिल चुके हैं।
कोट
स्वास्थ्य विभाग डेंगू को लेकर अलर्ट है। टीमें लगातार सर्वे कर रही है और लारवा मिलने पर नष्ट किया जा रहा है। बुधवार को जिले में डेंगू के चार नए केस मिले हैं। जिले में डेंगू के कुल मरीजों का आंकड़ा 40 तक पहुंच गया है।
-डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी