कार में लगी आग पर काबू पाने फायर बिग्रेड कर्मी व पुलिस
- फोटो : Fatehabad
भूना। अग्रोहा-भूना रोड पर बुधवार की शाम को मोची-चौबारा गांव के पास एक चलती कार में आग लग गई। आग की लपटों के बीच कार चालक संदीप कुमार और उनकी पत्नी सुमन देवी ने कूदकर जान बचाई। जब तक पुलिस व फायर बिग्रेड कर्मियों ने आग बुझाई तब तक कार पूरी जल चुकी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। हालांकि कार में एलपीजी टैंक लगा हुआ था। मगर घटना के समय कार पेट्रोल पर चलती थी।
जानकारी के अनुसार हिसार के गांव बांडाहेड़ी निवासी संदीप कुमार बुधवार की शाम को अपनी पत्नी सुमन देवी को उसके मायके मोचीवाली से लेकर आ रहा था। गांव मोची वाली से मात्र 200 फुट दूर चलती कार में आग लग गई। कार में सवार दंपती ने कूदकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है। भूना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि आग लगने से कार पूरी तरह नष्ट हो गई है। मगर इस हादसे में कोई भी जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।