फतेहाबाद में पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल संबोधित करते हुए स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल का विधायक पद के चुनाव में दो बार हारने पर रविवार को दर्द झलक पड़ा। पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल ने एक कार्यक्रम में कहा कि आप लोग मुझे सांसद ही देखना चाहते है।
दुग्गल ने कहा कि मैंने सांसद बनकर क्षेत्र में बहुत काम किया। आप लोग उम्मीद करते है कि मैं सांसद ही ठीक हूं क्योंकि विधायक में तो आप लोग आइना दिखा देते हैं। बहुत मेहनत करने के बावजूद भी यहां से सीट नहीं जितवाई। विधायक चुनाव के दौरान जनता से बहुत उम्मीद थी और आग्रह भी किया गया लेकिन मुझे आज तक समझ नहीं आया कि मेरी गलती कहां रही है।
पूर्व विधायक दुड़ाराम वाली बात है कि आप लोगों को गलतफहमी हो गई थी कि सरकार कांग्रेस की आ रही है लेकिन अब तो कांग्रेस में जो विधायक बने थे वह भी हमारी तरफ आ रहे हैं। कार्यक्रम में बार-बार माइक के बंद होने बावजूद दुग्गल नहीं रुकी और उन्होंने अपना दर्द बयां किया।
गौरतलब है कि वर्ष 2014 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर रतिया विधानसभा से अपना पहला चुनाव लड़ा था जिसमें उन्हें बेहद कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। वर्ष 2024 में भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव में फिर से रतिया सीट से मैदान में उतारा जहां उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार से था और उन्हें हार मिली थी।