फतेहाबाद। गांव बीघड़ में बनावली हेड के पास सोमवार रात सड़क हादसे में पूर्व विधायक दुड़ाराम के चालक प्रदीप (30) की मौत हो गई। वह गांव शेखुपुर दड़ोली का रहने वाला था। उसकी बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को हादसे का पता चला।
प्रदीप सोमवार रात बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बनावली हेड के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। रात होने के कारण हादसे का पता नहीं चल पाया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे प्रदीप का शव और क्षतिग्रस्त बाइक देखी तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। वहीं हादसे की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक दुड़ाराम भी अस्पताल पहुंचे। सदर पुलिस ने परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी वाहन ने प्रदीप की बाइक को टक्कर मारी है। सदर थाना प्रभारी और जांच अधिकारी सुमित ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
-
माता-पिता की इकलौती संतान
प्रदीप दो बेटियों का पिता था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इस हृदयविदारक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। वह तीन साल से पूर्व विधायक दुड़ाराम के पास चालक था।
-
खतरनाक मोड़ बन रहे हैं हादसे का कारण
ग्रामीणों के अनुसार गांव बीघड़ से शेखुपुर दड़ोली रोड पर काफी मोड़ है। हेड के पास भी गोल मोड़ है लेकिन कोई सूचना पट्ट नहीं है। रात को अंधेरा होने के कारण यहां पर वाहन अनियंत्रित होते है और पेड़ से टकरा जाते है। ग्रामीण मोनू का कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
मृतक प्रदीप की फाइल फोटो