फतेहाबाद। मनोहर मेमोरियल (एमएम) काॅलेज में वूमेन सेल की ओर से बालिका पंचायत का गठन करना महिला सशक्तीकरण में दिशा में उठाया गया एक सार्थक कदम है। इस तरह के प्रयास जहां हमारे समाज में बेटियों के प्रति सोच को बदलने का काम करेंगे वहीं आगे चलकर यही बेटियां देश का नाम चमकाने का काम करेंगी। अन्य शैक्षणिक संस्थाओं को भी कालेज से प्रेरणा लेकर इस तरह के कदम उठाने चाहिए। यह बात चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) सिरसा के वीसी प्रो. विजय कुमार ने बुधवार को छात्राओं को संबोधित करते हुए कहीं।
सेल इंचार्ज डा. मीनाक्षी कोहली के निर्देशन में काॅलेज में बालिका पंचायत का गठन किया गया है। बालिका पंचायत से जुड़ीं छात्राएं बुधवार को कालेज प्राॅचार्य डा. गुरचरण दास के नेतृत्व में सीडीएलयू के कुलपति से मिलीं। इस दौरान छात्राओं ने काॅलेज से संबंधित विभिन्न विभागीय कार्यों, सुविधाओं एवं समस्याओं को कुलपति के समक्ष रखा। बैठक में कुलपति ने छात्राओं की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि छात्र कल्याण तथा महिला शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक के दौरान बालिका पंचायत की सरपंच ने कहा कि बालिका पंचायत का उद्देश्य केवल छात्राओं की समस्याओं को प्रबंधन तक पहुंचाना ही नहीं बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना और लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है। एक छात्रा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह स्वयं ट्रैक्टर चलाकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ काम करती हैं।
इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. मिनाक्षी कोहली, जीव विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक प्रो. श्रुति, अनु जिंदल भी मौजूद रहीं।