फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाढ़ से निपटने के सरकारी दावे खोखले, शहर के बरसाती नालों की सफाई तक नहीं

Thu, 07 Jul 2016 01:28 AM IST
fatehabad
विज्ञापन
चिल्ली के पास बरसाती नालों एवं सीवरेज से जलनिकासी के स्थान पर जमा हुई गंदगी की गाद। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
अमित रूखाया । मानसून की धमाकेदार शुरुआत से लोगों को गर्मी से जरूर राहत मिल गई है, लेकिन अफसरी लापरवाही के चलते फतेहाबाद शहर किसी भी समय बाढ़ के मुहाने पहुंच सकता है। मानसून से पहले जिले भर में बरसाती नालों की सफाई का ढोल पीटने वाले प्रशासनिक अधिकारी शायद जिला मुख्यालय के बरसाती नाले खंगालना भूल गए। अब स्थिति विस्फोटक होने को है और अगर लगातार कई दिन तक पहले जैसी बरसात हुई तो फतेहाबाद के आस-पास के इलाके ही नहीं बल्कि फतेहाबाद शहर भी बाढ़ की चपेट में आने से बच नहीं पाएगा।
विज्ञापन



चिल्ली के पास बरसाती नालों में दो-दो फुट तक भरा है गाद
शास्त्री नगर से चिल्ली की ओर जाने पर सारे शहर का बरसाती पानी के चिल्ली में उतरने के प्वाइंट पर इतना गाद भर गया है कि पानी यहां से आगे जाता ही नहीं, इसका सीधा असर यहां की व्यवस्था पर पड़ता जा रहा है। इस नाले में दो-दो फुट तक गाद भरा है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर के सीवरेज के जरिए चिल्ली में उतरने वाला पानी अपने पूरे वेग से न तो चिल्ली तक पहुंच पा रहा है और न ही नाले से गिरने के बाद वो आगे बढ़ पा रहा है। गनीमत ये रही कि बारिश के बाद दो दिन से अच्छी धूप के चलते बाहर आने वाला पानी सूख गया, जिससे शहर को राहत है। लेकिन ये किस्मत कितने दिन तक रहेगी, इसका पता किसी को नहीं।

एमसी कॉलोनी की जलनिकासी पाइप थानारोड पर बंद, तीन कॉलोनियों की बढ़ी मुसीबत
शहर की पॉश कालोनी समझे जाने वाली एमसी कॉलोनी का बारिश के दिनों में बुरा हाल किसी से छिपा नहीं है। इस स्थिति से निपटने के लिए पूर्व पालिका प्रधान शीलावंती टुटेजा के कार्यकाल में एमसी कालोनी से चार मरला कॉलोनी, थानारोड एवं जवाहर चौक से होते हुए चिल्ली तक एक पाइप लाइन डाली गई थी, जो इन कॉलोनियों का बरसात का पानी सीधा चिल्ली में जाकर निकाल देती थी।
विज्ञापन



लेकिन बीते महीनों में थाना रोड पर मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण के समय नींव को बचाने के लिए उस पाइपलाइन को बिना किसी पूर्व सूचना के बंद कर दिया गया। इसके चलते पिछले दो साल से लगातार एमसी कॉलोनी, चार मरला कॉलोनी, जीटी रोड और थाना रोड के निवासी बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से दो-चार हो रहे थे, लेकिन अब जब मल्टीलेवल पार्किंग को बने हुए लगभग छह माह से अधिक हो चुका है, इसके बावजूद अभी तक उस पाइपलाइन को दोबारा चालू नहीं किया गया है। इसके चलते बारिश के दिनों में इन कॉलोनियों में घुसना तक संभव नहीं हो पाता है। बारिश के चलते यहां पर बाढ़ सरीखे हालात हो जाते हैं। स्थानीय पार्षद श्वेता बाघला टुटेजा ने इस सारे मसले की शिकायत अब सीएम विंडो पर करने का मन बनाया है।

बरसात से शहर में वैसे ही बाढ़ से हालात, बाढ़ आई तो अफसरों से नहीं संभलेगा शहर
जिले के अफसरों द्वारा भले ही घग्गर नदी आदि का दौरा कर बाढ़ से निपटने को लेकर पूरी प्रतिबद्धता दिखाई हो, लेकिन फतेहाबाद शहर में ऐसी कोई तैयारी प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से नहीं दिखी। अफसरों की लापरवाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चिल्ली झील के पास बने बरसाती नालों का जायजा लेने के लिए भी जनस्वास्थ्य विभाग या जिला प्रशासन का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है। ऐसे में भारी बारिश में शहर के लिए मुसीबत का आना लगभग तय है।

नप ईओ पहले ही चेता चुके हैं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को
जलभराव को लेकर अक्सर निशाने पर रहने वाली नगर परिषद के अफसरों की मानें तो बारिश के बाद होने वाले जलभराव से निपटना नगर परिषद का नहीं बल्कि जनस्वास्थ्य विभाग का काम है। बीते दिनों नप ईओ ओपी सिहाग ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखकर ये आरोप भी मढ़ा था कि बारिश के दिनों में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरे शहर में कहीं भी जलभराव से निपटते नहीं दिखते। नप अफसरों की मानें तो चिल्ली की खुदाई करवाने पर विचार हो रहा है, ताकि उसमें ज्यादा पानी इकट्ठा किया जा सके।


 जलभराव की समस्या का निदान जनस्वास्थ्य विभाग करेगा। इस बारे में उनके अफसरों को पत्र लिखकर कहा भी गया था। चिल्ली की खुदाई करवाने पर विचार करेंगे।
ओपी सिहाग, नगर परिषद ईओ, फतेहाबाद ।


अगर ऐसा हो रहा है, तो बहुत गलत है। मैने अफसरों को पानी निकासी के लिए व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिए हुए हैं। अगर चिल्ली के पास सफाई नहीं हुई है, तो मैं खुद वहां का निरीक्षण करूंगा और इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि बरसात के दिनों में शहर में जलनिकासी जल्द से जल्द हो।
विज्ञापन

एनके सोलंकी, डीसी, फतेहाबाद ।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें