फतेहाबाद में ओपीडी कक्षों के बाहर मौजूद मरीज संवाद
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में सोमवार को ओपीडी खुलने के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपस्थिति से कई विभागों की सेवाएं ठप रहीं जिससे सैकड़ों मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को अस्पताल में सामान्य भीड़ रही लेकिन पांच विशेषज्ञ डॉक्टर अवकाश पर रहने से हालात बिगड़ गए।
अस्पताल में रोजाना करीब डेढ़ हजार ओपीडी रहती है। अस्पताल में मनोरोग, नशा मुक्ति केंद्र, फिजीशियन, ईएनटी और त्वचा रोग विभाग की ओपीडी पूरी तरह बंद रही। इन विभागों में रोज बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। दूरदराज के गांवों से आए मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग सुबह से कतार में लगे रहे, लेकिन बाद में पता चला कि संबंधित डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं।
गांव दौलतपुर से आई रामभतेरी ने बताया कि चर्म रोग विशेषज्ञ के इंतजार में घंटों बैठी रहीं फिर जानकारी मिली कि डॉक्टर अवकाश पर हैं। इससे उनका समय और पैसा दोनों व्यर्थ गया। टीबी विशेषज्ञ के पास पहुंचे रामरूप ने कहा कि शनिवार को उनकी दवा खत्म हो चुकी थी फिर भी परामर्श नहीं मिल पाया अब दोबारा आना पड़ेगा।
मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि डॉक्टरों के अवकाश का बेहतर प्रबंधन किया जाए ताकि उनको इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी विभागों की ओपीडी नियमित रूप से चलती रहे।
-
सोमवार को अस्पताल में पांच विशेषज्ञ छुट्टी पर थे हालांकि आपातकालीन वार्ड में चिकित्सक मौजूद रहे है। मरीजों को परेशानी नहीं आने दी गई है। व्यवस्था को बनाया गया है।
- डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन