राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में चयनित पांचों खिलाड़ी
भूना। ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। गांव नहला की हैंडबॉल नर्सरी की पांच खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
पंजाब के संगरूर में होने वाली इस प्रतियोगिता में राधिका, साहिबा, जस्मीन, मीनू और आरजू अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। पांचों खिलाड़ियों के चयन से गांव नहला सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सभी चयनित खिलाड़ी राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नहला की छात्राएं हैं । ये सभी छात्राएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नहला स्थित हैंडबॉल नर्सरी में प्रशिक्षण ले रही हैं। खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
इस सफलता में कोच सोनू शर्मा, नीरज रानी और जयप्रकाश का अहम योगदान रहा है। तीनों प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को लगातार अभ्यास करवाकर उनकी खेल प्रतिभा को निखारा। गांव के सरपंच कृष्ण ढिल्लों ने भी हैंडबॉल खेल को बढ़ावा देने और खेल मैदान के विकास में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।
पांचों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि गांव की बेटियां संगरूर में भी शानदार प्रदर्शन कर गांव और जिले का नाम रोशन करेंगी। एक साथ पांच खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।