फतेहाबाद। जिला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पांच जगहों पर कार्रवाई करके हेरोइन और चूरापोस्त के साथ पांच आरोपियों को पकड़ा हैं। पांच अलग-अलग मामलों में आरोपियों से 58.5 ग्राम हेरोइन और एक किलो 200 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को पांच आरोपियों में से तीन को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया, दो को रिमांड पर लिया है।
मोटरसाइकिल सवार से 20 ग्राम हेरोइन बरामद की
एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहाबाद के एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वीरवार देर रात को पुलिस टीम के साथ रतिया रोड पर कुलदीप रिसोर्ट के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सामने से आ रहा एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर मुड़ने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया और काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान शक्ति नगर निवासी विनय के रूप में बताई। तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से 20.5 ग्राम हेरोइन बरामद की। जांच अधिकारी एसआई रणजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया यहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया है।
रतिया मेें 18 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर पकड़ा
स्पेशल स्टाफ ने रतिया टेलीफोन एक्सचेंज के पास मोटरसाइकिल सवार हिसार के गांव पीरांवाली निवासी बलजीत सिंह को 18 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। एएसआई हरपाल ने बताया कि पुलिस टीम रतिया टेलीफोन एक्सचेंज के समीप गश्त कर रही थी। इस दौरान अरोड़ा कालोनी की तरफ से आ रहा मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने व्यक्ति को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी की जेब से पाउच में रखी 18 ग्राम हेरोइन बरामद की। जांच कर रहे एसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया यहां से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
ब्रेजा कार से 10 ग्राम हेरोइन बरामद, चालक रिमांड पर
सीआईए टोहाना ने जाखल मंडी में नई तहसील रोड के समीप चेकिंग के दौरान ब्रेजा कार चालक जाखल निवासी रणजीत सिंह उर्फ बब्बू को 10 ग्राम हेरोइन के आरोप में गिरफ्तार किया है। एएसआई जयबीर सिंह ने बताया कि सीआईए टोहाना की टीम नई तहसील रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। शक के आधार पर सामने से आ रही ब्रेजा कार के चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार रोकते ही भागने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके से ही चालक को काबू कर लिया और कार की तलाश ली तो डेशबोर्ड पर रखे पाउच से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की।
पैदल जा रहे युवक से 10 ग्राम हेरोइन बरामद
सीआईए फतेहाबाद ने भूना के बाबा राणाधीर मंदिर के सामने से एक पैदल जा रहे युवक को 10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी किशोरी लाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भूना थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। सीआईए फतेहाबाद की टीम बाबा राणाधीर मंदिर के सामने गश्त कर रही थी। इस दौरान शक के आधार पर पुलिस ने युवक को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब से 10 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी की पहचान भूना निवासी सतपाल उर्फ मादू के रूप में हुई है।
बड़ोपल में एक किलो 200 ग्राम चूरापोस्त बरामद
थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने गांव बड़ोपल में गांव भोडिया बिश्नोइयान जिला हिसार निवासी आत्माराम को एक किलो 200 ग्राम चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे हिसार जेल भेज दिया गया है। बड़ोपल चौकी के इंचार्ज एएसआई कपिल ने बताया कि बड़ोपल के समीप हरियाणा ढाबा के सामने एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा था। सामने पुलिस को देखकर उक्त व्यक्ति हाथ में पॉलीथिन के थैले को फेंक कर वहां से भागने लगा। शक पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पॉलीथिन के थैले को चेक करने पर उसमें से एक किलो 200 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।