फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फतेहाबाद ब्लॉक में 89 तो टोहाना में 87 प्रतिशत लोगों ने डाले वोट

Mon, 11 Jan 2016 01:14 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद और टोहाना में छिटपुट झड़पों के अलावा दोनों खंडों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। फतेहाबाद ब्लॉक में अयालकी, नागपुर, धांगड़ में मतदान के दौरान झड़पें होने का समाचार है।
विज्ञापन


इसके अलावा धांगड़ में ही भाट समुदाय ने गाली-गलौच का आरोप लगाकर पोलिंग बूथ पर ही वोटिंग का बहिष्कार कर दिया। देर सांय तक विजेताओं की सूची चुनाव आयोग ने जारी कर दी, जिसके बाद विजेताओं में जश्न का माहौल है।

सुबह सवेरे तेजी से हुआ मतदान, दोपहर बाद मंद पड़ी रफ्तार
चुनाव के लिए फतेहाबाद और टोहाना में सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया था। सर्दियों के चलते उम्मीद जताई जा रही थी कि मतदान सुबह 9 बजे के बाद तेजी पकड़ेगा लेकिन हुआ इससे उलट।
विज्ञापन


सुबह सात बजे से पूरे खंड के पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें लग गई। जिसके कारण सुबह 9 बजते बजते ही मतदान प्रतिशत लगभग 25 प्रतिशत के आंकड़े को पार कर गया।

महिलाओं ने दिखाया गजब का उत्साह
चुनावों में महिला वोटरों ने गजब का उत्साह दिखाया। महिला वोटर सुबह से ही पोलिंग बूथों पर पहुंचनी शुरू हो गई। वोटरों के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह 11 बजे तक लगभग प्रत्येक पोलिंग बूथ पर महिला वोटरों की कतारें पुरुष वोटरों के मुकाबले कहीं ज्यादा थी।

चुनाव आयोग के सूत्रों की मानें तो दोपहर साढ़े 12 बजे तक अधिकतर महिला वोटर अपने वोट डाल चुकी थी।

एसपी ने किए संवेदनशील इलाकों के दौरे
पंचायत चुनावों के मद्देनजर दोनों खंडों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। धांगड़, भिरडाना, बड़ोपल, काजलहेड़ी सहित अनेक गांवों में पुलिस पार्टी लगातार गश्त पर रही।

भिरडाना में तो सरकारी स्कूल में स्थित पोलिंग बूथ की छतों पर भी स्नाइपर तैनात किए गए थे। इसके अलावा पुलिस कप्तान ओपी नरवाल खुद भी संवेदनशील गांवों का लगातार दौरा करते रहे।

एसपी ने अयालकी, धांगड़, भिरडाना आदि गांवों का दौरा किया। उनके अलावा एएसपी गंगाराम पूनियां और सदर एसएचओ विजेन्द्र सिहाग भी लगातार गश्त पर रहे। भिरडाना में इंस्पेक्टर रूपेश चौधरी ने मोर्चा संभाला।

बुजुर्ग मतदाताओं ने दिखाया हौसला
चुनावों में बुजुर्ग मतदाताओं ने भी खूब हौसला दिखाया। इसके अलावा विकलांग मतदाताओं का जज्बा भी देखने योग्य था। अनेक ऐसे मतदाता थे जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी थी, बावजूद इसके, उन्होंने पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपना वोट डाला।

देर शाम पंचायत भवन में जमा हुई ईवीएम मशीनें
फतेहाबाद खंड के गांवों में वोटिंग करवाने गई पोलिंग पार्टियां रविवार देर शाम तक वापस पंचायत भवन में आनी शुरू हुई। यहां पर पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम मशीनें सबमिट करवाई और अपने अपने पोलिंग बूथ की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को जमा करवाना शुरू कर दिया।
विज्ञापन


बताया जा रहा है कि सभी पोलिंग बूथों से विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही जिला प्रशासन औपचारिक रूप से सरपंच पद के विजेताओं की लिस्ट जारी करेगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें