फतेहाबाद। जिले में पंचायत चुनावों में सर्वसम्मति बनने का दौर शुरू हो गया है। सबसे पहली सर्वसम्मति बुधवार को गांव ढाणी बिंजा लांबा में बनाई गई। ग्रामीणों ने बैठक करके सर्वसहमति से रामनिवास पूनिया को सरपंच चुन लिया। हालांकि, रामनिवास पूनिया सरपंच पद के दावेदार नहीं थे बल्कि चार अन्य दावेदार प्रचार में जुटे हुए थे। मगर ग्रामीणों द्वारा बुलाई गई बैठक में इन चारों दावेदारों ने भी रामनिवास पूनिया के नाम पर सहमति जता दी।
गौरतलब है कि पंचायती राज चुनाव को लेकर 5 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी है, लेकिन उससे पहले ही ढाणी बिंजा लांबा के ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से सरपंच चुनकर उदाहरण प्रस्तुत किया है। जानकारी के अनुसार ढाणी बिंजा लांबा में कृष्ण कुलड़िया, रोहताश पूनिया, बलजीत ढाका व रामप्रसाद जाखड़ चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी कर रहे थे। इसको लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी थी। मगर बुधवार को गांव के काफी संख्या में लोगों ने एकजुट होकर पंचायत की और सर्वसम्मति से सरपंच चुने जाने की बात की। सभी की सहमति बनी तो नाम भी तय हो गया और पंचायत में रामनिवास पूनिया का नाम सरपंच के लिए आगे रखा गया। जिस पर सभी की मुहर लगने के बाद उन्हें सरपंच घोषित कर दिया गया। इसके बाद फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया।
ग्रामीण बोले- खर्चा बचेगा, भाईचारा बना रहेगा
सर्वसम्मति से सरपंच चुनते हुए ग्रामीणों ने तर्क दिया कि चुनाव होने से भाईचारा कहीं न कहीं पीछे छूट जाता है। साथ ही चुनाव के समय जो फिजूल खर्च होता है, वह नहीं होना चाहिए। साथ ही नशा भी काफी चलता है, इन सभी कुरीतियों को चोट पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने यह फैसला लिया है।
सर्वसहमति से पूरी पंचायत चुनने पर 11 लाख रुपये देती है सरकार
हरियाणा सरकार ने हाल ही में घोषणा की थी कि यदि प्रदेश में सर्वसम्मति से सरपंच, पंच या पूरी पंचायत चुनी जाती है तो इनाम राशि सीधे पंचायत के खातों में भेजी जाएगी। सर्वसम्मति से पूरी पंचायत चुनने पर 11 लाख, सरपंच चुनने के लिए पांच लाख, पंच के लिए 50 हजार और पंचायत समिति सदस्य के लिए दो लाख रुपये दिए जाएंगे। यह राशि विकास कार्यों पर खर्च करनी होगी।
कोट
जो विश्वास गांव के लोगों ने मुझे पर जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम पंचायत को तरक्की के रास्ते पर लेकर जाएंगे।
-रामनिवास पूनिया, नवनिर्वाचित सरपंच, ढाणी बिंजा लांबा