फतेहाबाद की नई अनाज मंडी की खाली जगह में झाड़ियों में लगी आग। संवाद
फतेहाबाद। शहर की नई अनाज मंडी की खाली पड़ी जगह में फैली झाड़ियों में वीरवार दोपहर एक बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से एक हजार से ज्यादा पेड़ों को नुकसान पहुंचा है।
वहीं आग लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन की तीन गाड़ियों पर तैनात 10 कर्मचारी आग को करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझा पाए। आग से एक बार तो नई अनाजमंडी में रखीं करीब 50 हजार क्विंटल गेहूं के बैगों पर भी खतरा मंडराया रहा।
मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि बुधवार दोपहर को भी झाड़ियों में आग लगी थी, जिसे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बुझा दिया था। वीरवार दोपहर को गर्मी के बढ़ने के बाद आग फिर से फैल गई। अग्निशमन विभाग को फिर से सूचित किया गया, जिसके बाद आग बुझाई जा सकी। वहीं मजदूरों ने इसके साथ रखे गेहूं के बैगों को हटाया ताकि आग अनाज मंडी में रखी गेहूं तक न पहुंच सके।