फतेहाबाद। साइबर क्राइम को रोकने के लिए बेशक पुलिस जागरूकता अभियान चला रही है लेकिन, शातिर ठगों ने आर्मी चीफ बनकर एक दूध वाले को शिकार बना लिया।
फतेहाबाद के मेन बाजार में पंजाबी डेयरी के नाम से दूध की डेयरी चलाने वाले लखविंद्र सिंह ने बताया कि उसके बड़े भाई विक्रम के पास एक अनजान नंबर से फोन आया। आरोपी ने बताया कि एक निजी स्कूल में आर्मी का कैंप लगा हुआ है और वहां जवानों के लिए 12 सौ लीटर दूध की आवश्यकता है। डिमांड के अनुसार वह दूध लेकर वहां पहुंच गया और पेमेंट के लिए उक्त नंबर पर फोन किया तो फोन पर व्यक्ति ने स्वयं को आर्मी चीफ बताते हुए दूध की पेमेंट ऑनलाइन करने की बात कही और उससे उनका यूपीआई नंबर और क्यूआर कोड देने को कहा। लखविंद्र सिंह ने बताया कि उसने अपने भाई विक्रम से बात कर उन्हें अपने यूपीआई नंबर का क्यूआरकोड भेज दिया। इसके बाद उनके पास उक्त नंबर से 2 रुपये की पेमेंट भी रिसीव हुई। लखविंद्र सिंह ने बताया कि इसके बाद कुछ ही देर में उनके खाते से 40 हजार रुपये निकल गए। लखविंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें तुरंत मामले की सूचना शहर थाने में दी है।