टोहाना/समैण। गांव अमानी से खनौरा रोड स्थित स्काईलार्क सोलर बैटरी फैक्टरी के सोलर प्लांट में रविवार सुबह शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। आग में फैक्टरी का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
आग सुबह करीब सवा दस बजे लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं।
दमकल की 10 गाड़ियों ने कई घंटे तक आग बुझाने का प्रयास किया। शाम करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। फैक्टरी मालिक सोनू ने घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
इस पर एसडीएम आकाश शर्मा, नायब तहसीलदार प्रवीण कुमार, डीएसपी जय भगवान और सदर थाना प्रभारी साधु राम घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और बचाव कार्य की जानकारी ली।
-
क्रेन से तोड़ी शेड-दीवार, फिर बुझाई आग
आग बुझाने के लिए हिसार से दो, बरवाला से एक, उकलाना से एक, फतेहाबाद से दो, भूना से एक, टोहाना से दो, जाखल से एक और धारसूल से एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। आसपास के गांव अमानी, खनौरा व जमालपुर से लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में सहयोग किया। जमालपुर ओवरब्रिज का काम चलने के कारण ज्यादातर बड़े वाहन इसी रोड से जा रहे थे जिसके चलते दमकल विभाग की गाडि़यों को जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फैक्टरी के पीछे का रास्ता कच्चा व संकरा होने के कारण भी दमकल विभाग को काफी परेशानी आई। अंदर की तरफ लगभग पूरा एरिया शेड से कवर था। ऐसे में पहले शेड व दीवारों को क्रेन से तोड़ा गया। इस कारण आग बुझाने में समय अधिक लग गया।
फैक्टरी के अंदर लगी आग का दुश्य। संवाद