फतेहाबाद। गांव अकांवाली में 11 मई को बिजली लाइन पर काम करते समय करंट लगने से घायल हुए एचकेआरएन कर्मी की शिकायत पर एएलएम हरपाल सिंह और एसए अनिल कुमार के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस बारे में डिविजन के कार्यकारी अभियंता अशोक कुमार से रिपोर्ट ली है।
पुलिस को इस बारे में एचकेआरएन कर्मी गांव खैरातीखेड़ा निवासी पंकज ने शिकायत दी थी कि 11 मई को गांव अकांवाली में ट्रांसफॉर्मर का जंपर टूट गया था। इसकी शिकायत उसके साथी एएलएम हरपाल को प्राप्त हुई थी। इस पर वे मौके पर पहुंचे और टूटे जंपर को ठीक करने के लिए एएलएम हरपाल ने कंट्रोल रूम दरियापुर में फोन करके कुकड़ांवाली डीएस लाइन बंद करने को कहा।
कंट्रोल रूम दरियापुर में एसए अनिल कुमार ड्यूटी पर था। अनिल कुमार ने हरपाल को बोला कि लाइट काट दी गई है। आरोप है कि बिना लाइन काटे ही उसके ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ने के कारण करंट लग गया। इससे उसका दाहिना हाथ कट गया। पुलिस ने जांच करते हुए कंट्रोल रूम दरियापुर का रिकॉर्ड लिया और फतेहाबाद डिविजन के कार्यकारी अभियंता अशोक कुमार से रिपोर्ट ली है। सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय का कहना है कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।