फतेहाबाद। शहर के भट्टूरोड पर गाड़ी को टोचन करके ले जाते यातायात पुलिस के कर्मचारी। संवाद
फतेहाबाद। भट्टू रोड पर दमकल गाड़ियों के लिए पानी भरने की निर्धारित जगह पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। शुक्रवार को पुलिस ने यहां खड़े वाहनों को टोचन कर हटवाया और नो-पार्किंग के चालान काटे।
जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर दमकल गाड़ियों में पानी भरने के लिए जगह निर्धारित की गई है। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल गाड़ियों को इसी स्थान से पानी भरकर तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना होना होता है। इसके बावजूद लोग यहां अपने निजी वाहन खड़े कर रहे थे। इससे दमकल गाड़ियों को पानी भरने में परेशानी हो रही थी।
मंडी सीजन के दौरान इस स्थान पर वाहनों की संख्या बढ़ने से समस्या और गंभीर हो गई। दमकल विभाग ने इस बारे में यातायात पुलिस को शिकायत दी थी। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन हटवाए और चालान किए। यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस स्थान पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मंडी में सीजन के दौरान बन जाता है पार्किंग स्थल
मंडी सीजन के दौरान अनाज मंडी में किसानों, व्यापारियों और अन्य लोगों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही पार्किंग की समस्या भी गंभीर हो जाती है। ऐसे में लोग अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह ढूंढते हैं। सरकारी कार्यालय होने के कारण गाड़ी खड़ी करने पर कोई रोकता-टोकता नहीं है। लोग यहां पर आराम से गाड़ी पार्क करके चले जाते हैं। इसी समस्या को देखते हुए दमकल विभाग ने यातायात पुलिस को स्थिति से अवगत करवाया था। जिसके बाद शुक्रवार को पानी भरने वाले स्थान से यातायात पुलिस ने चार गाड़ियों को टोचन कर हटाया।
-
दमकल विभाग आपातकालीन परिस्थितियों में काम करता है और उसके कार्य में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी। दमकल गाड़ियों के लिए निर्धारित स्थान पर पार्किंग नहीं होने दी जाएगी।
- जय सिंह, प्रभारी, यातायात पुलिस फतेहाबाद।