फतेहाबाद। गांव काताखेड़ी को आखिरकार सरपंच मिल ही गया। पांच बार सरपंच पद पर सर्वसम्मति के लिए खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में बैठक बुलाई गई, लेकिन कोरम पूरा न होने के कारण इस पद के लिए सहमति नहीं बन पाई। अब छठी बार सरपंच पद के लिए ड्रॉ निकाला गया, जिसमें किरण कौर का नाम आया और उनको गांव का कार्यकारी सरपंच नियुक्त किया गया है। पीठासीन अधिकारी बीडीपीओ ने किरण कौर को गांव के सरपंच बनने की घोषणा की।
ज्ञात रहे कि 25 नवंबर 2022 में जब जिले में सरपंच पद के चुनाव हुए थे तो गांव काताखेड़ी के सरपंच पद को बीसी-ए वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया था। साथ ही गांव के 7 पंचों के वार्डों में से वार्ड नंबर-5 को भी बीसी-ए वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया। दुविधा रही कि बीसी-ए वर्ग से इस गांव में कोई भी व्यक्ति नहीं रहता। जिस कारण चुनाव के दौरान ना तो सरपंच पद का चुनाव हो पाया और ना ही वार्ड नंबर-5 के पंच का। इस गांव से वार्ड नंबर-1 से सुरेंद्र सिंह, वार्ड नंबर-2 से किरण कौर, वार्ड नंबर-3 से काला सिंह, वार्ड नंबर- 4 से सुरेंद्र कौर, वार्ड नंबर-6 से आशा रानी व वार्ड नंबर-7 से संदीप सिंह गांव के पंच बने। गांव में सरपंच ना होने के कारण गांव के विकास के कार्य रुके हुए थे। गांव में कार्यकारी सरपंच पद के लिए सर्वसम्मति बनाने के लिए 20 फरवरी 2023, 6 मार्च 2023, 28 मार्च 2023, 19 मई 2023 व 12 जून 2023 को खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में बैठकें भी बुलाई गई। लेकिन गांव में पंचों के दो धड़े होने के कारण हर बार कोरम पूरा न होने के कारण सरपंच पद पर सर्व सम्मति नहीं हो पाई।
शुक्रवार को ड्रॉ के माध्यम से चुना गया सरपंच
शुक्रवार को छठी बार एक बार फिर पीठासीन अधिकारी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने अपने कार्यालय में फिर से पंचों की बैठक बुलाई। इस बैठक में ड्रॉ के जरिए सरपंच को चुनने के लिए फैसला लिया गया। ड्राॅ में वार्ड नंबर-2 की पंच किरण कौर का नाम आया है और उनको गांव का सरपंच घोषित किया गया।
कोट
गांव में पिछले सवा साल से विकास की एक भी ईंट नहीं लगी थी। गांव के लोगों को अपने स्तर पर ही कार्य करवाने पड़ते थे। अब गांव के विकास को गति दी जाएगी और गांव में जो भी समस्याएं हैं, उनको दूर किया जाएगा।
-किरण कौर, नवनियुक्त सरपंच काताखेड़ी
कोट
गांव काताखेड़ी में सरपंच का पद पिछले लंबे समय से खाली था। शुक्रवार को सरपंच पद के लिए ड्राॅ निकाला गया, जिसमें किरण कौर का नाम आया है। उनको गांव का सरपंच नियुक्त किया गया है।
-अनिल कुमार, बीडीपीओ, फतेहाबाद।