फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: आज सुबह तक घग्गर में 16 हजार क्यूसेक पानी पहुंचने की आशंका, तटीय क्षेत्रों के गांवों में खतरा

Tue, 11 Jul 2023 11:18 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
घग्गर नदी में बहता पानी।
विज्ञापन
फतेहाबाद। शिवालिक की पहाड़ियों में हो रही लगातार बारिश का असर अब फतेहाबाद जिले तक पहुंचने की आशंका है। मंगलवार सुबह घग्गर का जलस्तर गांव चांदपुरा साइफन पर 2500 क्यूसेक से बढ़कर 9300 क्यूसेक हो गया, जिससे सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने तुरंत काम करना शुरू किया। चांदपुरा साइफन के एक ड्राफ्ट को साफ करवा कर खोला गया। इससे दोपहर 12 बजे तक घग्गर में जलस्तर एकबारगी 6500 क्यूसेक तक पहुंच गया। मगर इसके बाद छोड़े गए पानी के कारण शाम चार बजे तक फिर से जलस्तर 10500 क्यूसेक तक पहुंच गया। सिंचाई विभाग के अनुसार बुधवार सुबह तक जलस्तर 16 हजार क्यूसेक तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में अगर जिले में बारिश और हो गई तो घग्गर के तटबंध टूटने की आशंका बढ़ जाएगी।
विज्ञापन


चांदपुरा साइफन की 22 हजार क्यूसेक पानी की क्षमता
हालांकि सिंचाई विभाग का कहना है कि मंगलवार को मौसम साफ रहा है, ऐसे में किसान घग्गर के पानी को सिंचाई के तौर पर प्रयोग कर लेंगे और बाढ़ जैसे हालात पैदा नहीं होंगे। मगर इलाके में बारिश होती है तो घग्गर का पानी तटबंधों तक पहुंच सकता है। विभाग के अनुसार घग्गर नदी पर चांदपुरा साइफन पर 22 हजार क्यूसेक पानी सहने की क्षमता है।

हिमाचल में बाढ़ के कारण बसों का रूट प्रभावित
फतेहाबाद रोडवेज डिपो से हिमाचल के कांगड़ा वाया पालमपुर होकर दो बसें चलती हैं, जो वापस भी आती हैं। मंगलवार को हिमाचल में जलभराव के चलते इन बसों का संचालन हिमाचल के लिए बंद रहा। फतेहाबाद से वाया अंबाला होकर भी 16 बसें चंडीगढ़ के लिए जाती हैं, अंबाला में नदियों के उफान के चलते मंगलवार को केवल पिहोवा तक व वाया पंजाब के रास्ते केवल पटियाला तक ही बसों का संचालन किया गया।
विज्ञापन


घग्गर में जलस्तर सुबह अधिक था, लेकिन बाद में चांदपुरा साइफन पर गाद व पेड़ों को हटाने के कारण पानी आगे निकल गया। बुधवार सुबह तक 16 हजार क्यूसेक तक पानी आने की संभावना है। घग्गर के सभी तटबंध मजबूत हैं। हालांकि जिले में मौसम साफ रहा तो किसान भी पानी का प्रयोग फसलों की सिंचाई के लिए कर सकते हैं, ऐसे में अभी बाढ़ की आशंका कम है।
संजीव सिंघल, एसडीओ, घग्गर वाटर सर्विसेस, टोहाना।

हिमाचल के लिए फतेहाबाद रोडवेज डिपो से दो बसें कांगड़ा के लिए अप डाउन करती हैं। मंगलवार को बसों को नहीं भेजा गया। इसके अलावा चंडीगढ़ से वाया पंजाब व अंबाला भी बसों को मात्र पटियाला व पिहोवा तक भेजा गया है।
शेर सिंह, जीएम, फतेहाबाद डिपो

हरियाणा में अब 15 जुलाई तक बारिश के आसार बने हुए हैं। 15 जुलाई तक फतेहाबाद, सिरसा सहित कई जिलों में हल्की व भारी बारिश का अनुमान है।
डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, मौसम विभाग, एचएयू हिसार

जिला प्रशासन ने लघु सचिवालय में स्थापित किया बाढ़ नियंत्रण कक्ष
डीसी मनदीप कौर ने बताया कि मानसून सीजन सक्रिय होने के कारण पिछले 4-5 दिनों में देश व प्रदेश में हो रही अधिक बारिश के कारण कई सीमावर्ती राज्यों से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। आवाजाही के रास्ते बंद हो चुके हैं। जिले के नागरिकों की सुविधा के लिए लघु सचिवालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिले का कोई निवासी अथवा किसी का कोई जानकार या रिश्तेदार सीमावर्ती राज्यों में किसी कार्य से गया हो, उससे संपर्क नहीं हो रहा तो सहायता के लिए इसकी सूचना जिला प्रशासन के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के रूम नंबर 45 में स्थापित हेल्पलाइन नंबर 01667-230018 पर दे सकते हैं।

रतिया एसडीएम कार्यालय में भी कंट्रोल रूम स्थापित, तैनात रहेंगे कर्मचारी
रतिया के एसडीएम कार्यालय में भी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का फोन नंबर 01697-250048 है। नागरिकों की सुविधाओं के लिए कंट्रोल रूम 24 घंटे खुला रहेगा, इसमें कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए कंट्रोल रूम महत्वपूर्ण भूमिका निभाऐगा। आपदाओं से बचाव के लिए किसी भी प्रकार की जानकारी देने या प्राप्त करने के लिए कंट्रोल रूम पर संपर्क किया जा सकता है।

पंचायत मंत्री ने डीसी और एसपी के साथ लिया जायजा
विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने टोहाना और जाखल में बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा किया व हालातों का जायजा लिया। इस दौरान डीसी मनदीप कौर, एसपी आस्था मोदी, एसडीएम प्रतीक हुड्डा, सिंचाई विभाग के एसई ओपी बिश्नोई सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने चांदपुरा विश्राम घर में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि गावों के तटबंधों को मजबूत करें। इसके लिए मिट्टी के कट्टे लगाएं। जहां जरूरत है, वहां काम तुरंत होने चाहिए, कोई कोताही न की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें