घटनास्थल पर कार्रवाई करते हुए पुलिस। संवाद
टोहाना। इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में दोपहर के समय संदिग्ध परिस्थितियों में रोहताश (35) ने मानसिक परेशानी के चलते फंदा लगा लिया। सूचना पाकर पहुंची चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
सीन ऑफ क्राइम से डॉ. अमरजीत मौके पर पहुंचे और जांच को आगे बढ़ाया। मृतक रोहताश मेहनत मजदूरी का कार्य करता था। मृतक इंदिरा कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था और घटना के समय वह घर में अकेला था। सीन ऑफ क्राइम की टीम के आने के बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया है।
मृतक की पत्नी पम्मी कौर ने बताया कि वे मेले में खिलौने बेचने का काम करते है। मंगलवार सुबह ही गांव साधनवास के मेले में खिलौने बेचने के लिए गई हुई थी तभी उसके पास किसी ने फोन करके सूचना दी। इस पर वह घर आई है। महिला ने बताया कि उसकी पांच बच्चे हैं जिसमें तीन लड़कियां व दो लड़के हैं।
रोहताश अपने परिवार के साथ इंदिरा कॉलोनी में किराये के मकान में रहकर गुजर बसर कर रहा था। चंडीगढ़ रोड चौकी से जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के मौके पर पहुंच गई। मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई की गई है। शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।