तीन दिनों की मशक्कत के बाद आखिरकार शिक्षा विभाग ने 256 नव चयनित जेबीटी अध्यापकों को कार्यभार ग्रहण करवाया। फिलहाल इन सभी जेबीटी अध्यापकों को एक ही सूची में ज्वाइन दिखाया गया है। लेकिन अधिकारियों ने एक-दो दिन में सभी को अलग-अलग नियुक्तिपत्र देने की बात भी कही है। इससे पूर्व मंगलवार सुबह भी जब जेबीटी अध्यापक शिक्षा विभाग के दफ्तर पहुंचे और उनसे इंतजार करने को कहा गया तो जेबीटी अध्यापकों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने हंगामा शुरू करते हुए धरना दे दिया। लेकिन महज पांच मिनट तक चले इस धरने के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जेबीटी अध्यापकों को समझाकर थोड़ी देर में ज्वाइनिंग लैटर जारी करने की बात कही। जिसके बाद जेबीटी अध्यापक शांत हुए।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जिन जेबीटी अध्यापकों को ज्वाइनिंग लैटर जारी किए हैं उन सभी को बुधवार से मताना स्थित डाइट में जाकर हाजिरी देनी होगी। फिलहाल किसी जेबीटी अध्यापक को कोई स्टेशन अलाट नहीं किया गया है और सभी की ज्वाइनिंग डीईओ दफ्तर ही रहेगी। उधर दूसरी ओर सरकारी अस्पताल में लगातार दूसरे दिन भी जेबीटी अध्यापकों का मेडिकल करवाने की प्रक्रिया जारी रही। सामान्य अस्पताल से मेडिकल होने वाले सभी जेबीटी अध्यापकों की एक सूची शिक्षा विभाग कार्यालय को भेजी गई ताकि किसी प्रकार की कोई कन्फ्यूजन न रह जाए।