जाट आरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक सोमवार को ढाणी गोपाल के चौपटे पर चल रहे धरने में भाग लेंगे। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सूूबे सिंह ढाका ने इसकी पुष्टि की है। मलिक के आगमन को लेकर आंदोलनकारियों की ओर से जोरों से तैयारियां चल रही है। इस बीच रविवार सांय पुलिस द्वारा आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग से धरनास्थल पर बैठे प्रदर्शनकारियों में रोष फैल गया और उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए और जाम लगाने की धमकी दी।
सूचना मिलने पर एसपी ओपी नरवाल व एएसपी गंगाराम पूनिया मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जाट संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से बातचीत की और कहा कि कानून का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केवल शांतिपूर्वक धरना देकर ही वे अपना रोष जताएं। गांव ढाणी गोपाल के चौपटा के पास सरकारी नौकरियों में आरक्षण व पिछले वर्ष हुई हिंसा में दर्ज केस वापिस लेने की मांग को लेकर जाट संघर्ष समिति के बैनर तले धरना दिया जा रहा है। धरनास्थल से कुछ दूरी पर बनाए गए नाके पर पुलिस के कर्मचारी व सीआरपीएफ के जवान आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रहे है। रविवार को जाट आरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक के सोमवार को प्रस्तावित दौरे को लेकर धरनास्थल पर शामियाना लगाया जा रहा था और जोरों से तैयारियों की जा रही थी। इसी बीच वाहनों की चैकिंग करने को लेकर जाट समुदाय के कुछ लोग बिफर गए और धरनास्थल पर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि पुलिस ने वाहनों की चेकिंग बंद नहीं की तो वे जाम लगा देंगे। जिसकी जिम्मेवारी पुलिस प्रशासन की होगी।