भूना के गांव ढाणी गोपाल में जाटों का धरना रविवार को शुरू हुआ। हालांकि कुछ एक लोगों के पहुंचने से नेताओं का जोश ठंडा दिखाई दिया। दूसरी ओर जिला पुलिस के पुख्ता प्रबंधों के चलते जाट नेताओं के धरने के पहले दिन किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। धरने का नेतृत्व अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सूबे सिंह ढाका ने किया। उधर, शनिवार को पुलिस के फ्लैग मार्च से अनुपस्थित रहने वाले पांच पुलिसकर्मियों को पुलिस कप्तान ओपी नरवाल ने निलंबित कर दिया है।
600 पुलिसकर्मी, 300 होमगार्ड तैनात, जल्द पहुंचेगी सीआरपीएफ की कंपनी, सीमाएं सील
जाट आंदोलन के मद्देनजर जिलेभर में सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए थे। भूना खंड का ढाणी गोपाल में धरनास्थल को किले में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार छह कंपनियां जिले की सुरक्षा के लिए नियुक्त की गई हैं। इसके अलावा जल्द ही जिले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआरपीएफ) की एक कंपनी भी पहुंच जाएगी। इसके अलावा 600 से अधिक पुलिस के जवान तथा 300 से भी अधिक होमगार्ड के जवानों को आरक्षण आंदोलन के मद्देनजर ड्यूटी पर तैनात किया गया है। फतेहाबाद जिले में बाहर से आने-जाने वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जिला की सभी सीमाओं को सील किया गया है। भूना, टोहाना, भट्टू, जाखल, रतिया तथा फतेहाबाद में 9-9 नाके लगाए गए है, जहां पर पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी आने-जाने वाली गाड़ियों की भी तलाशी ले रहे हैं।
धरने पर बैठने वालों लोगों का रिकॉर्ड होगा दर्ज, नौकरियों के वेरिफिकेशन में आएगी दिक्कत
धरने पर बैठे लोगों पर पुलिस विभाग तथा प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी की जा रही है और धरने पर बैठने वाले व्यक्तियों का प्रतिदिन रिकॉर्ड थानों दर्ज किया जाएगा। सरकारी नियुक्तियों तथा अन्य किसी भी प्रकार की वेरिफिकेशन में इस प्रकार की जानकारी को अंकित किया जाएगा। खुद एसपी ओपी नरवाल ने पुष्टि करते कहा कि धरनास्थल पर बैठे लोगों का रिकॉर्ड थानों के रोजनामचे में भी अंकित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने मीडिया एवं सोशल मीडिया पर भी जारी की हिदायत
फतेहाबाद जिला प्रशासन ने मीडिया और सोशल मीडिया को लेकर भी सख्त हिदायत जारी की है। रविवार को जारी एक बयान में डीसी एनके सोलंकी ने कहा कि जनसंचार माध्यम जैसे समाचार पत्र व पत्रिकाएं, न्यूज चैनल, केबल टीवी ऑपरेटर, ट्वीटर, फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक भाषा, चलचित्र, या ऐसी किसी भी सामग्री को, जिससे शांति व्यवस्था भंग होने का खतरा पैदा हो, का प्रसारण न हो। उपायुक्त सोलंकी ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि प्रशासन के इन निर्देशों की अवहेलना करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसंचार माध्यमों व सोशल मीडिया माध्यमों पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हैं।
अप्रिय घटना की सूचना के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
कानून एवं शांति व्यवस्था रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने हेतु जिला में ओवर ऑल इंचार्ज, पर्यवेक्षण अधिकारी व ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए जा चुके हैं। उपमंडल अधिकारी (ना) फतेहाबाद सतबीर जांगु (8930800058), उपमंडल अधिकारी (ना) टोहाना सतीश कुमार (7056300840) व उपमंडल अधिकारी (ना) रतिया पूजा चांवरिया (9996161696) अपने-अपने कार्य क्षेत्र में ओवर ऑल इंचार्ज है तथा पर्यवेक्षण अधिकारी फतेहाबाद, रतिया तथा टोहाना के इनके साथ तालमेल रखेंगे। जिलाधीश द्वारा तहसीलदार नवजोत कौर बराड़ (9468333309) को फतेहाबाद क्षेत्र का ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। ये थाना प्रबंधक, सदर फतेहाबाद के कार्य क्षेत्र की जिम्मेवारी देखेंगी। इसी प्रकार नायब तहसीलदार विजय कुमार (9416262824) थाना प्रबंधक, शहर फतेहाबाद के कार्य क्षेत्र की जिम्मेवारी संभालेंगे। उप तहसीलदार भट्टू कलां जगदीश चंद्र (9896148992) थाना प्रबंधक, भट्टू कलां, उप तहसीलदार भूना होशियार सिंह (9416094972) थाना प्रबंधक, भूना, तहसीलदार रतिया दिनेश ढिल्लो (9468050336) थाना प्रबंधक रतिया, तहसीलदार टोहाना नवदीप नैन (9996658555) थाना प्रबंधक सदर टोहाना, उप तहसीलदार टोहाना कृष्ण कुमार (9467845135) थाना प्रबंधक शहर टोहाना तथा उप तहसीलदार जाखल महावीर सिंह (9416228360) थान प्रबंधक, जाखल के कार्य क्षेत्र की जिम्मेवारी संभालेंगे। डीसी एनके सोलंकी ने लोगों से आह्वान किया कि जिलावासी आरक्षण आंदोलन से जुड़ी कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी उपरोक्त अधिकारियों से भी सांझा कर सकते हैं।
मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा विरोध-प्रदर्शन
धरने पर कम लोगों के पहुंचने के बावजूद जाट नेताओं के तेवर तीखे बने हैं। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सूबे सिंह ढाका ने प्रदेश सरकार को घेरते उसे धोखेबाज तक करार दिया। भूना के ढाणी गोपाल में पत्रकारों से बातचीत में ढाका ने साफ तौर पर कहा कि सरकार अपने वादे से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि ये धरना आरक्षण लागू करने, जेलों में बंद लोगों को रिहा करने एवं उन पर दर्ज मुकदमों को खत्म करने की मांग को लेकर किया जा रहा है और जब तक ये मांगें पूरी नहीं होती, तब तक ये धरना जारी रहेगा। ढाका ने आरोप लगाया कि सरकार ने जाटों को बार-बार दगा दिया है लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। हालांकि उन्होंने आश्वस्त किया कि शांतिपूर्वक ढंग से आंदोलन जारी रहेगा।