फतेहाबाद। हिसार एसटीएफ द्वारा शनिवार को सुक्खा काहलो गैंग के पकड़े गए गुर्गे संदीप संधा के मामले में फतेहाबाद पुलिस ने सफाई देते हुए कहा है कि संधा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के मालिक से रंगदारी मांगने नहीं बल्कि अपने किसी परिचित से मिलने आया था। पुलिस ने उसे रविवार को अदालत में पेश करके आर्म्स एक्ट मामले में एक दिन के रिमांड पर लिया है।
ज्ञात रहे कि शनिवार को हिसार एसटीएफ ने जारी बयान में कहा था कि संधा यहां के एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के संचालक द्वारा रंगदारी न दिए जाने पर उससे रंगदारी लेने के लिए आया था, लेकिन एसटीएफ ने उसे पहले से ही काबू कर लिया। शनिवार को एसटीएम ने उसे रतिया की मुंशीवाली नहर से अवैध पिस्तौल, दो मैग्जीन व 10 कारतूस सहित काबू किया था। रविवार को इस मामले में प्रेसवार्ता करते हुए डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि एसटीएफ ने संदीप उर्फ संधा को पिस्तौल सहित काबू किया है और वह अब फतेहाबाद सीआईए की गिरफ्त में है। उसके खिलाफ रतिया थाने में शनिवार को आर्र्म्स एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि संदीप उर्फ संधा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के मालिक से रंगदारी मांगने के लिए नहीं आया था, बल्कि अपने किसी परिजन सेे मिलने आया था। उन्होंने बताया कि संधा के खिलाफ रतिया में चार मामले पहले दर्ज हैं और शनिवार को पांचवां केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जिस इलेक्ट्रॉनिक्स संचालक की बात की गई है, वहां पर वारदात के बाद से ही पुलिस की सुरक्षा दुकानदार को दी गई है।
11 मामलों में वांछित था संधा
ज्ञात रहे कि रतिया में पिछले साल एक के बाद एक चार वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश संदीप उर्फ सोनू उर्फ संधा पर हरियाणा पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। उस पर सात नवंबर 2022 को रतिया के टीएस इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक चंद्रसेन की दुकान पर अपने साथियों से फायरिंग करवाने व 20 लाख की रंगदारी सहित चार केस दर्ज हैं। संदीप उर्फ संधा इससे पहले सुक्खा काहलो गैंग के साथ जुड़कर पंजाब व राजस्थान में भी लूट, हत्या प्रयास, पुलिस मुठभेड़ व रंगदारी के 11 मामलों में वांछित था।
कोट
संदीप उर्फ सोनू उर्फ संधा को एसटीएफ ने शनिवार को अवैध पिस्तौल व कारतूस सहित काबू किया था। उसके खिलाफ रतिया थाने में शनिवार को की आर्म्स एक्ट केे तहत केस दर्ज कर लिया गया था। उसे इसी मामले में अदालत में पेश करके उसका एक दिन का रिमांड लिया गया है। उससे पूछा जाएगा कि यह पिस्तौल वह कहां से लाया था।
-कुुलदीप सिंह, सीआईए इंचार्ज, फतेहाबाद।