जिला प्रशासन ने भट्टू ब्लॉक समिति चेयरमैन का चुनाव भी 6 मई को रख दिया है। इसी दिन फतेहाबाद में जिला परिषद चेयरमैन का चुनाव भी होना है। भट्टू ब्लॉक समिति चेयरमैन चुनाव की पुष्टि चुनाव अधिकारी जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश खोथ ने की है। सत्तारूढ़ भाजपा की पूरी कोशिश रहेगी कि फतेहाबाद, भूना, जाखल, टोहाना और रतिया के बाद भट्टू में भी पंचायत समिति में भगवा परचम लहराया जाए। फतेहाबाद का आखिरी किला फतह करने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने वरिष्ठ बीजेपी नेता राजपाल बैनीवाल को जिम्मेदारी सौंपी है। भट्टू ब्लॉक समिति चेयरमैन का पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है।
अब तक पांचों पंचायत समितियों में बीजेपी समर्थित चेयरमैन
भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां की मैनेजमेंट के चलते अब तक जिले की जिन पांच पंचायत समितियों के चुनाव हुए हैं, उन सभी में बीजेपी समर्थित उम्मीदवारों ने ही चेयरमैन की कुर्सी पर विजय हासिल की है। ऐसे में भाजपा नेता पूरी तैयारी में हैं कि जिले का आखिरी किला भी फतह कर दिया जाए। हालांकि 6 मई को ही जिला परिषद चेयरमैन का चुनाव होने के कारण जिलाध्यक्ष वेद फुलां खुद तो भट्टू में उपस्थित नहीं हो पाएंगे लेकिन उन्होंने सभी पंचायत समिति सदस्यों से सामंजस्य बिठाने के लिए राजपाल बैनीवाल को आगे कर दिया है।
नहीं रहेगी कोरम की अनिवार्यता, साधारण बहुमत से चुना जाएगा चेयरमैन
6 मई को भट्टू ब्लॉक समिति चेयरमैन के लिए होने वाली बैठक चूंकि दूसरी बैठक है, इसलिए इस बैठक में कोरम की अनिवार्यता नहीं रहेगी। 21 सदस्यीय पंचायत समिति के सभी सदस्य पहुंचते हैं तो 11 सदस्यों का समर्थन पाने वाली उम्मीदवार को विजयी घोषित कर दिया जाता है। सदस्यों की संख्या कम रहने पर भी साधारण बहुमत से ही विजयी उम्मीदवार को चेयरमैन बना दिया जाएगा।
जिले की सभी पंचायत समितियों में भगवा परचम लहराया तो वेद फुलां का कद बढ़ना तय बीजेपी ने पंचायत चुनावों से ऐन पहले भाजपा जिलाध्यक्ष के तौर पर वेद फुलां को चुना था। उस वक्त पंचायत चुनावों को नए भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए बड़ी चुनौती माना गया था। पंचायत चुनावों में भगवा परचम लहराने के बाद पंचायत समितियों के चेयरमैन पदों पर बीजेपी समर्थित उम्मीदवारों को काबिज कराने की जिम्मेदारी थी, भट्टू में भी अगर भाजपा समर्थक उम्मीदवार जीत हासिल करता है तो पहली बार जिले की सभी पंचायत समितियों में भाजपा चेयरमैन काबिज होंगे। ऐसा होने की सूरत में जिलाध्यक्ष वेद फुलां का कद बढ़ना तय है।
भट्टू ब्लॉक समिति चेयरमैन चुनाव के लिए 6 मई का दिन रखा गया है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीडीपीओ राजेश खोथ की देखरेख में चुनाव होंगे। दूसरी बैठक है तो कोरम अनिवार्य नहीं है। साधारण बहुमत हासिल करने वाले उम्मीदवार को विजयी घोषित कर दिया जाएगा।
अनुभव मेहता, बीडीपीओ, फतेहाबाद-भट्टू ।
'हमें पूरा विश्वास है कि जिले की बाकी पंचायत समितियों की तरह भट्टू में भी भाजपा समर्थक ही चेयरमैन पद पर काबिज होगा। भाजपा नेता राजपाल बैनीवाल को चुनाव के लिए सभी सदस्यों में सामंजस्य बिठाने की जिम्मेदारी दी गई है।
वेद फुलां, भाजपा जिलाध्यक्ष, फतेहाबाद।