फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीजेपी की गीता नांगली बनी जिप चेयरमैन

Sat, 07 May 2016 12:10 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला फतेहाबाद
विज्ञापन
विजयी प्रत्याशी। - फोटो : bureau
विज्ञापन
आखिरकार वही हुआ जिसका अंदेशा जताया जा रहा था। जिला परिषद चेयरमैन चुनाव में भाजपा विरोधी मोर्चे के दो सदस्य क्रास वोटिंग कर गए जिसके चलते जिप चेयरमैन पद पर बीजेपी समर्थित गीता नांगली ने बाजी मार ली। इतना ही नहीं, जिप उपाध्यक्ष पद पर भी बीजेपी समर्थक कमला भुक्कर ही काबिज हुई। रिजल्ट का ऐलान होने के बाद स्तब्ध विरोधी मोर्चे के सदस्य चुपचाप सिर झुकाए हुए बैठक कक्ष से बाहर निकल गए।
विज्ञापन

अमर उजाला ने पहले ही अंदेशा जता दिया था कि राजेश कस्वां के उम्मीदवार बनने की सूरत में विरोधी गुट के पार्षदों की ओर से क्रास वोटिंग होगी। विरोधी मोर्चे की ओर से राजेश कस्वां जिप अध्यक्ष एवं बीबो इंदौरा उपाध्यक्ष पद के लिए मैदान में थे। जीत के तुरंत बाद भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां जिप चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन सहित सभी बीजेपी पार्षदों को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला से मिलवाने टोहाना ले गए जहां वेद फुलां ने उनका मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।
इस प्रकार हुआ चुनाव
सबसे पहले अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने सदस्यों की उपस्थिति दर्ज कराकर प्रधान व उप प्रधान के लिए नामांकन आमंत्रित किए। भाजपा समर्थक खेमे की ओर से मंदीप कौर गिल व अनिल गोरछिया ने प्रधान पद के लिए गीता रानी का प्रस्ताव रखा और विरोधी मोर्चे की ओर से बीबो इंदौरा और सुनीता कसवां ने राजेश कसवां का प्रधान पद के लिए प्रस्ताव रखा। नाम प्राप्ति के बाद दोनों पदों के लिए ईवीएम मशीन के माध्यम से चुनाव कराया गया।
विज्ञापन

प्रधान पद के लिए गीता रानी को 18 में से 10 व राजेश कसवां को 8 मत प्राप्त हुए। दूसरी ओर उप प्रधान पद के लिए भाजपा खेमे की ओर से मंदीप कौर व सुरजीत ओढ़ ने कमला भुक्कर का नाम प्रस्तावित किया और विरोधी मोर्चे की ओर से रामचंद्र व राजेश कसवां ने बीबो इंदौरा का नाम प्रस्तावित किया। उप प्रधान के लिए कमला देवी को भी 18 में 10 व बीबो इंदौरा को 8 मत प्राप्त हुए।
विधायक बलवान के साथ आए दस पार्षद, गए भी दस, लेकिन वोट निकले आठ
इनेलो विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया और रतिया विधायक रविंद्र बलियाला विरोधी मोर्चे के दस पार्षदों को एक साथ अपनी गाड़ियों में बिठाकर सचिवालय लेकर आए। लेकिन चुनाव में विरोधी मोर्चे के प्रधान और उपप्रधान दोनों उम्मीदवारों को महज आठ ही वोट मिले। मजे की बात तो ये रही कि चुनाव के बाद विधायक के साथ सचिवालय से बाहर जाते समय भी दस पार्षद फिर से उनके साथ थे। खुद विरोधी मोर्चे के पार्षद स्तब्ध थे कि आखिर उनके कौन से दो साथी दगा दे गए।
विधायक की गाड़ी रुकवाई, भाजपा जिलाध्यक्ष की गाड़ी को जाने दिया
जिप चेयरमैन चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने सचिवालय प्रांगण में ही नाका लगाया हुआ था। सुबह तकरीबन 11 बजे जैसे ही इनेलो विधायक बलवान और बलियाला अपनी गाड़ियों में विरोधी मोर्चे के पार्षदों को लेकर पहुंचे तो नाके पर उनकी गाड़ी को रोक लिया गया। नाके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने जिप पार्षदों की पहचान कर उन्हें तो आगे जाने दिया लेकिन विधायक बलवान और बलियाला को वहीं रोक लिया। इस पर विधायक ने प्रशासन की ओर से जारी सर्कुलर की कापी उन्हें दिखाई जिसमें उन्हें और रतिया विधायक को निमंत्रण भेजा हुआ बताया गया था। पुलिस कर्मियों के रोक के बावजूद दोनों विधायक अपनी गाड़ियां छोड़कर पैदल ही सचिवालय में आ गए।
प्रथम तल पर डीआरडीए हाल में जाने से उन्हें एक बार फिर से पुलिस अधिकारियों ने रोक दिया। जिस पर दोनों विधायकों ने डीसी से इसकी शिकायत तो की लेकिन डीसी ने भी इस मामले में उनकी कोई मदद करने से इंकार कर दिया। दूसरी ओर भाजपा समर्थित जिप पार्षदों को जिलाध्यक्ष वेद फुलां खुद गाड़ी चलाकर लेकर आए। एकबारगी तो पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वेद फुलां को देखते ही वो साइड में हट गए और फुलां धड़ल्ले से सचिवालय के गेट पर गाड़ी ले आए और उन्होंने गाड़ी में सवार जिप पार्षदों को उतार दिया और वहां से चले गए।
युक्ति गोदारा अकेली आईं, अकेली गई, किसी से नहीं की कोई बात
भाजपा की ओर से जिप चेयरमैन की प्रबल दावेदार मानी जा रहीं वार्ड पांच की पार्षद युक्ति गोदारा बीजेपी समर्थित पार्षदों के साथ नहीं बल्कि अपनी खुद की गाड़ी में पहुंची। इतना ही नहीं, युक्ति ने इस दौरान किसी से भी बातचीत नहीं की। बताया गया है कि चुनाव के दौरान भी उन्होंने किसी से ज्यादा बातचीत नहीं की और चुनाव के बाद बिना किसी से कुछ ज्यादा बात किए चुपचाप अपनी गाड़ी में बैठकर सचिवालय से रवाना हो गई। इन संकेतों से माना जा रहा है कि युक्ति किसी ना किसी बात पर नाराज हो सकती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें