स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी में घूम रहे फतेहाबाद के एसडीएम ने आखिरकार गाड़ी वापस लौटा दी है। जबकि डीआरओ ने अभी तक गाड़ी वापस नहीं लौटाई है। डीजी कमला सिंह द्वारा फतेहाबाद के सिविल अस्पताल के दौरे के दौरान यह बात सामने आई थी कि फतेहाबाद के एसडीएम व डीआरओ स्वास्थ्य विभाग की गाड़ियों में घूम रहे हैं। कमला सिंह ने उसी दौरान उपायुक्त एन.के. सोलंकी को फोन कर गाड़ियां वापस लौटाने के आदेश दिए थे।
डीआरओ द्वारा प्रयोग की जा रही स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी को लौटाने में फिलहाल प्रशासन की तरफ से असमर्थता जताई गई है। विभाग के अनुसार उपायुक्त ने विभाग को कहा है कि 4 से 5 दिन में गाड़ी की व्यवस्था करके गाड़ी लौटाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की गाड़ियों पर लगेगा जीपीएस सिस्टम:
स्वास्थ्य विभाग की गाड़ियों को दूसरे महकमे के अधिकारियों द्वारा प्रयोग किए जाने का मामला सामने आने के बाद महानिदेशक कमला सिंह ने लिखित आदेश जारी किए थे कि सभी गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाए ताकि गाड़ी की लोकेशन का पता चल सके कि गाड़ी कहां प्रयोग की जा रही है और दूसरे महकमे के अधिकारियों द्वारा गाड़ियों के प्रयोग पर भी अंकुश लगेगा।