भट्टूकलां में धरना देकर रोष प्रदर्शन करते विद्युत निगम कर्मचारी।
- फोटो : Fatehabad
भट्टूकलां। भट्टूकलां के विद्युत निगम कार्यालय में रविवार रात को चोरों ने अनेक कमरों के ताले तोड़ दिए और सामान चुरा लिया। इसके विरोध में सोमवार को निगम के कर्मचारियों ने एसडीओ कार्यालय के समक्ष धरना दिया व नारेबाजी की। उनकी मांग थी कि कार्यालय में सीसीटीवी का संचालन सही हो और चौकीदार की नियुक्ति की जाए।
कर्मचारी प्रधान रामनिवास बिश्नोई ने बताया कि निगम कार्यालय में अनेक बार चोरी हो चुकी है। उसके बावजूद ना तो पुलिस उसका सुराग लगा पाई। वहीं यहां विद्युत निगम कार्यालय पर बार-बार चौकीदार की मांग करने के बावजूद यहां विभाग द्वारा चौकीदार तक की नियुक्ति ना होने से उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। यहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन इनकी रिकॉर्डिंग तक नहीं हो रही, जिसके संबंध में कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। रविवार रात्रि यहां चोरों ने एसडीओ कार्यालय, कैशियर रूम, रेवेन्यू रूम, विभागीय कनिष्ठ अभियंता पूनम चंद, जगप्रवेश व कुलवंत कुमार के स्टोर रुम के ताले तोड़ कंडक्टर, मीटर, तार सहित अनेक सामान चुरा लिया। यहां एक माह पूर्व भी चोरी की वारदात हुई थी।
इससे भी पूर्व में चोर तीन बार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। कर्मचारियों ने पुलिस विभाग व विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया। उन्होंने पुलिस को शिकायत दे तुरंत कार्यवाही की मांग की। कर्मचारियों ने विभागीय एसडीओ मनोज को ज्ञापन सौंपकर चौकीदार की व्यवस्था करने व यहां लगे सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से चलवाने की मांग की। मौके पर एसडीओ मनोज कुमार ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे उच्च अधिकारियों से बात कर चौकीदार की व्यवस्था करने व कैमरे संबंधित ठेकेदार को इसे चलाने बारे पत्र व्यवहार कर ठीक करवाने का प्रयास करेंगे। मामले की सूचना पुलिस को देने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू की है। एसडीओ मनोज कुमार के आश्वाशन के बाद कर्मचारियों ने अपना एक घंटे बाद धरना समाप्त किया।