फतेहाबाद के भट्टू रोड पर छाई धुंध से गुजरते लोग।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। फतेहाबाद में रविवार रात को ही साल की पहली धुंध छा गई। फतेहाबाद शहर रविवार रात से लेकर सोमवार दोपहर 12 बजे तक धुंध की चादर से घिरा रहा। इस दौरान रात्रि व दिन के तापमान में कमी दर्ज की गई। दिन में धूप तो निकली, लेकिन शीतलहर चलने के कारण लोगों को ठंड का एहसास होता रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन मौसम ऐेसा ही रहेगा और धुंध व बादलवाही छाई रह सकती है। साथ ही सर्द हवाएं चलने से रात का पारा और गिरेगा।
फतेहाबाद में रविवार रात को ही धुंध गहरा गई थी। रात के बढ़ने के साथ-साथ धुंध भी बढ़ती रही और सुबह जब लोग उठे तो भयंकर धुंध देखने को मिली। धुंध का कहर दोपहर 12 बजे तक रहा। इस दौरान दृश्यता भी 10 मीटर के आसपास रही, जिस कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहन चालक लाइट, इंडिकेटर चलाकर धीरे-धीरे सड़कों पर अपने वाहनों को ले जा रहे थे। तापमान कम होने के चलते मौसम विभाग ने भी जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार को फतेहाबाद में अधिकतम तापमान 15 डिग्री व न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रही, जिससे धूप में भी लोगों को ठंडक का एहसास हुआ।
अभी घटेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, चार जनवरी तक धुंध व बादलवाही का माहौल रहेगा और रात को तापमान में और भी कमी आएगी। वहीं दिन का तापमान सामान्य रहने की उम्मीद है। रात का पारा अधिक होने से अब ग्रामीण इलाकों में पाला भी गिर सकता है।