मारुति उद्योग द्वारा अपनी यूनिट गुरुग्राम से बंद करके प्रदेश के किसी अन्य जिले में लगाने के निर्णय के बाद प्रदेश के राजनेताओं ने इसे अपने-अपने गृह क्षेत्र में लगाए जाने की जोर आजमाइश तेज कर दी है। इस कड़ी में पूर्व विधायक बलवान दौलतपुरिया ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय उद्योग मंत्री प्रकाश जावडकर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व मारुति उद्योग चेयरमैन आरसी भार्गव को पत्र लिखकर मारुति उद्योग की नई यूनिट फतेहाबाद-अग्रोहा धाम के बीच नेशनल हाईवे नंबर 9 पर लगवाए जाने की मांग उठाई है।
पूर्व विधायक बलवान दौलतपुरिया ने बताया कि मारुति उद्योग की गुरुग्राम यूनिट बरसों से प्रदेश के हजारों बेरोजगारों को रोजगार रूपी संजीवनी देने का काम कर रही है लेकिन अब गुरुग्राम में लगातार घटती औद्योगिक जमीन और बदलते परिवेश के चलते मारुति उद्योग ने अपनी यह यूनिट गुरुग्राम में बंद करके हरियाणा के किसी अन्य जिले में लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मारुति उद्योग जिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर अपनी नई यूनिट प्रदेश के किसी अन्य जिले में लगाना चाहती है, उसके लिए फतेहाबाद सबसे अनुकूल है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने की सोच ने जिला फतेहाबाद में मारुति उद्योग की नई यूनिट लगाए जाने की उम्मीदों को पंख लगाने का काम किया है।
फतेहाबाद में मारुति उद्योग को फतेहाबाद लाने के की मांग के पीछे ये हैं आधार
- प्रस्तावित हिसार अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा महज 30 किलोमीटर की दूरी पर
- भट्टू-आदमपुर रेलवे स्टेशन महज 15 किलोमीटर की दूरी पर
- अंबाला-जोधपुर नेशनल हाइवे महज 20 किलोमीटर की दूरी पर
- एनसीआर के मुकाबले क्राइम रेट लगभग शून्य के करीब
- एनसीआर के मुकाबले सस्ती जमीन व कम मेहनताने पर मजदूरों की उपलब्धता
- प्राकृतिक आपदाओं में फतेहाबाद जिला सुरक्षित जोन में माना जाता है।