प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसानों को भरपूर फायदा है। लेकिन किसी किसान का जबरदस्ती और फर्जी तरीके से बीमा नहीं होना चाहिए। इसको लेकर सरकार ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। यह बात श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा नेता जोनी खटर के निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सवालों के जवाब देते हुए कही। उन्होंने कहा कि फसल बीमा में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती गई है। किसानों को योजना का अधिक से अधिक लाभ मिले इसको लेकर फसलों के बीमे भी करवाना जरूरी है।
सैनी ने कहा कि अगर कोई किसान बीमा नहीं करवा रहा है, तो आपदा एवं प्राकृतिक नुकसान के दौरान उसे भी सरकार मुआवजा देगी। परंतु जो बीमा धारक को प्रति एकड़ 25 हजार रुपये मिलेंगे, वहीं न बीमा करवाने वाले किसान को सरकार के निर्धारित आर्थिक मदद दी जाएगी। सैनी ने कहा कि विपक्षी लोग फसल बीमा योजना पर लोगों को गुमराह करके अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए हर विभाग को ऑनलाइन कर दिया गया है।
जिससे उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी व अन्य सुविधाएं उनके सीधे खाते में आ रही है। इससे भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। लोगों के मंत्रियों और अफसरों के कार्यालय के चक्कर काटने भी बंद हो गए हैं। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष वेेदफूलां, डॉ. जितेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष गुलशन हंस, जिला सचिव जोनी खटर, मंडल भूना प्रभारी विजय गोयल, मंडल अध्यक्ष सुभाष सिवाच, मंडल उपाध्यक्ष बलजीत सोनी, राकेश कंबोज, राजबीर नहला, अनिल सोनी, विक्रम शर्मा आदि भी मौजूद थे।